बाजार

6-9 महीने में 10% उछाल का अनुमान, क्या आपके पोर्टफोलियो में है यह गैस स्टॉक?

गैस कीमतों में नरमी और मजबूत मांग से महानगर गैस के कारोबार को मिल सकता है फायदा, शेयर में 10% तक तेजी की उम्मीद

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- June 22, 2026 | 2:49 PM IST

सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) आने वाले महीनों में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। गैस सप्लाई से जुड़ी चुनौतियां कम होने, मांग में बढ़ोतरी और सरकार की नई नीतियों से कंपनी के कारोबार को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही कंपनी नेटवर्क विस्तार और स्वच्छ ऊर्जा कारोबार में भी निवेश बढ़ा रही है, जिससे भविष्य की ग्रोथ को सहारा मिल सकता है।

इन्हीं वजहों से ब्रोकरेज फर्म एक्सिस डायरेक्ट ने महानगर गैस के शेयर पर BUY रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने शेयर का टारगेट प्राइस 1,331 रुपये तय किया है, जो 19 जून 2026 के बंद भाव 1,210 रुपये से करीब 10% का अपसाइड है।

चौथी तिमाही में मार्जिन पर पड़ा था दबाव

ब्रोकरेज के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण गैस सप्लाई प्रभावित हुई थी। इससे कंपनी की गैस खरीद लागत बढ़ी और मार्जिन पर दबाव देखने को मिला। हालांकि यह असर अस्थायी माना जा रहा है और अब हालात सामान्य होने लगे हैं।

कंपनी ने हाल के महीनों में सीएनजी और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में बढ़ोतरी भी की है, जिससे मार्जिन में सुधार की संभावना है।

नए नियमों से बढ़ेगी ग्राहक जोड़ने की रफ्तार

मार्च 2026 में जारी सरकारी अधिसूचना के बाद सिटी गैस नेटवर्क बिछाने की प्रक्रिया आसान हुई है। सड़क बहाली शुल्क में 50% से ज्यादा की कटौती की गई है और मंजूरी में देरी होने पर डीम्ड अप्रूवल की व्यवस्था भी लागू की गई है। ब्रोकरेज का मानना है कि इससे कंपनी के लिए नए घरेलू और व्यावसायिक ग्राहकों को जोड़ना आसान होगा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 में दो अंकों की वॉल्यूम ग्रोथ का अनुमान जताया है।

विस्तार पर 1,200 करोड़ रुपये खर्च करेगी कंपनी

महानगर गैस वित्त वर्ष 2027 में करीब 1,200 करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश करने की योजना बना रही है। यह निवेश गैस नेटवर्क के विस्तार और नए क्षेत्रों में पहुंच बढ़ाने पर केंद्रित होगा। इसके अलावा कंपनी एलएनजी, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्रों में भी अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है। हाल में कंपनी ने ऑयल इंडिया और फोर्थ पार्टनर एनर्जी के साथ समझौते भी किए हैं।

क्या है ब्रोकरेज की राय?

एक्सिस डायरेक्ट का कहना है कि चौथी तिमाही की कमजोरी अस्थायी थी। गैस कीमतों में नरमी, बेहतर मांग, मजबूत निवेश योजना और कंपनी की कीमत बढ़ाने की क्षमता को देखते हुए शेयर में आगे बढ़त की संभावना है। इसी आधार पर ब्रोकरेज ने 6-9 महीने में शेयर पर BUY रेटिंग और 1,331 रुपये का टारगेट दिया है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : June 22, 2026 | 2:49 PM IST