L&T Q1FY27 results: इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने मंगलवार को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q1FY27 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14 फीसदी बढ़कर 4,122.85 करोड़ रुपये हो गया। इसकी मुख्य वजह ज्यादा रेवेन्यू है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 3,617.19 करोड़ रुपये था।
पहली तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 6.7 फीसदी बढ़कर 67,941.74 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 63,678.92 करोड़ रुपये था। कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार से रेवेन्यू 34,393 करोड़ रुपये रहा और इसने कुल रेवेन्यू में 51 फीसदी का योगदान दिया।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस एन सुब्रमण्यन ने कहा, ”वित्त वर्ष की शुरुआत भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं की पृष्ठभूमि में हुई है। कंपनी मजबूत कैश फ्लो को बनाए रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अपना ध्यान केंद्रित करके गति बनाए रखने में सफल रही है। तिमाही का प्रदर्शन हमारे पोर्टफोलियो के लचीलेपन को दर्शाता है।”
उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में फैले डायवर्स पोर्टफोलियो के साथ, कंपनी को भरोसा है कि वह उभरते अवसरों का लाभ उठाते हुए वृद्धि को बनाए रखेगी।
पहली तिमाही के दौरान एलएंडटी को 1,08,014 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले, जो सालाना आधार पर 14% की वृद्धि दर्शाते हैं। इस दौरान कंपनी को हाउसिंग और कमर्शियल बिल्डिंग, ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, लौह एवं इस्पात (फेरस मेटल्स), ऑफशोर विंड और हेवी इंजीनियरिंग जैसे कई कारोबारों में बड़े ऑर्डर हासिल हुए।
तिमाही के दौरान अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर 60,702 करोड़ रुपये रहे, जो कुल ऑर्डर इनफ्लो का 56 फीसदी हिस्सा है। वहीं, 30 जून 2026 तक ग्रुप की कंसोलिडेटेड ऑर्डर बुक 7,78,954 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
(PTI इनपुट के साथ)