आईपीओ

प्रणव कंस्ट्रक्शन की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री, पहले ही दिन निवेशकों को मिला 33% से ज्यादा का मुनाफा

Pranav Constructions के शेयरों ने IPO प्राइस से 33% तक की बढ़त के साथ शानदार डेब्यू किया, जबकि इश्यू को 121 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

Published by
मानसी वार्ष्णेय   
Last Updated- September 15, 2026 | 11:36 AM IST

Pranav Constructions IPO Listing: प्रणव कंस्ट्रक्शन के शेयरों ने मंगलवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी के शेयर IPO के ऊपरी प्राइस बैंड से 30% से ज्यादा की बढ़त के साथ लिस्ट हुए। लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में भी कंपनी के शेयरों को लेकर मजबूत प्रीमियम का संकेत मिल रहा था।

BSE और NSE पर कितने रुपये में हुई लिस्टिंग?

प्रणव कंस्ट्रक्शन के शेयर BSE पर ₹162 के भाव पर लिस्ट हुए। यह ₹124 के IPO इश्यू प्राइस से करीब 30.65% ज्यादा है। वहीं, NSE पर शेयर ₹165 पर सूचीबद्ध हुए, यानी निवेशकों को करीब 33% का लिस्टिंग गेन मिला।

लिस्टिंग से पहले कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में भी मजबूत प्रीमियम पर कारोबार कर रहे थे। GMP के आधार पर अनुमानित लिस्टिंग प्राइस करीब ₹177 माना जा रहा था, जो IPO के ₹124 के ऊपरी प्राइस बैंड से काफी अधिक था।

IPO को मिला 121 गुना सब्सक्रिप्शन

प्रणव कंस्ट्रक्शन के IPO को निवेशकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। इश्यू में कुल 2.24 करोड़ शेयर ऑफर किए गए थे, जबकि इसके मुकाबले करीब 271.80 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। इस तरह IPO कुल मिलाकर 121 गुना सब्सक्राइब हुआ।

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIB कैटेगरी 258.71 गुना सब्सक्राइब हुई। वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 208.21 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 43.33 गुना सब्सक्राइब हुआ।

यह भी पढ़ें | NSE vs BSE: डिविडेंड और बोनस देने में कौन आगे? 10 साल का पूरा हिसाब

₹351 करोड़ का IPO

प्रणव कंस्ट्रक्शन का IPO 7 सितंबर को खुला था और 9 सितंबर को बंद हुआ। कंपनी ने इस इश्यू के जरिए कुल ₹351 करोड़ जुटाए। इसमें ₹316 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹35 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल था।

IPO के लिए प्राइस बैंड ₹118 से ₹124 प्रति शेयर तय किया गया था। निवेशकों को एक लॉट में 120 शेयरों के लिए आवेदन करना था।

कंपनी के RHP के मुताबिक, IPO में 40% हिस्सा QIBs, 15% हिस्सा NIIs और बाकी 45% हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित था।

IPO से जुटाई रकम का कहां होगा इस्तेमाल?

कंपनी फ्रेश इश्यू से मिली रकम का इस्तेमाल कई कारोबारी जरूरतों के लिए करेगी। इसमें सरकारी मंजूरियों और रिडेवलपमेंट से जुड़े खर्च, मौजूदा कर्ज का भुगतान, भविष्य की रिडेवलपमेंट परियोजनाओं के लिए फंडिंग और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतें शामिल हैं।

कंपनी का कारोबार क्या है?

प्रणव कंस्ट्रक्शन मुंबई केंद्रित रियल एस्टेट डेवलपर है। कंपनी का मुख्य फोकस रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स पर है और इसका कारोबार मुख्य रूप से मुंबई के MCGM क्षेत्र के पश्चिमी उपनगरों में फैला हुआ है।

कंपनी PCPL ब्रांड के तहत किफायती, मिड-सेगमेंट, मास और एस्पिरेशनल हाउसिंग सेगमेंट में प्रोजेक्ट्स विकसित करती है। मार्च 2026 तक कंपनी के पास MCGM क्षेत्र में कुल 65 रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स थे। इनमें पूरे हो चुके, निर्माणाधीन और आगामी प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 से वित्त वर्ष 2026 के बीच कारोबार और मुनाफे में अच्छी वृद्धि दर्ज की है। इस अवधि में रेवेन्यू और PAT में करीब 30-34% की CAGR रही। इसके साथ ही कंपनी की ऑपरेटिंग प्रॉफिटेबिलिटी में भी सुधार हुआ और EBITDA मार्जिन बढ़कर 17.2% हो गया।

प्रणव कंस्ट्रक्शन की मजबूत सब्सक्रिप्शन और शानदार लिस्टिंग से IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों को शुरुआत में अच्छा लिस्टिंग गेन मिला है।

First Published : September 15, 2026 | 11:36 AM IST