आईपीओ

मोटी कमाई का मौका! इस हफ्ते NSE, HERO मोटर्स समेत 11 कंपनियों के आएंगे IPO, पैसा रखें तैयार

इस हफ्ते में प्राइमरी मार्केट में जबरदस्त रौनक देखने को मिलेगी। NSE के बहुप्रतीक्षित 22,561 करोड़ रुपये के मेगा इश्यू और हीरो मोटर्स समेत 11 कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- September 13, 2026 | 7:44 PM IST

भारतीय शेयर बाजार में IPO की हलचल इस हफ्ते भी बनी रहने वाली है। पिछले हफ्ते छह से ज्यादा IPO बाजार में आए थे। अब 14 सितंबर से शुरू होने वाले हफ्ते में कुल 11 IPO निवेशकों के लिए खुलेंगे। इनमें सबसे ज्यादा नजर 22,561.57 करोड़ रुपये के मेगा NSE IPO पर रहेगी।

इन 11 IPO में पांच मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं। इनमें NSE, हीरो मोटर्स, SS रिटेल, सोनासेलेक्शन इंडिया और जिंदल सुप्रीम शामिल हैं। इन पांचों इश्यू से कुल 24,328.02 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है।

वहीं, SME सेगमेंट में भी छह कंपनियां IPO लेकर आ रही हैं। एक्सियम गैस इंजीनियरिंग का IPO 18 से 22 सितंबर तक खुला रहेगा। स्पेक्ट्राए टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस और खेरिया ऑटोकॉम्प के IPO में 17 से 21 सितंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। इसके अलावा वामा वोवनफैब, शक्ति पॉलीटार्प और क्वांटो एग्रोवर्ल्ड के IPO 15 से 17 सितंबर तक खुले रहेंगे।

NSE का मेगा IPO 17 सितंबर को खुलेगा

लंबे इंतजार के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE का IPO बाजार में आने जा रहा है। 22,561.57 करोड़ रुपये का यह इश्यू इस हफ्ते आने वाले पांच मेनबोर्ड IPO में सबसे बड़ा है। NSE का पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल यानी OFS है। इसके तहत 12.64 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे। IPO 17 सितंबर 2026 को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा।

शेयरों का अलॉटमेंट 22 सितंबर को होने की उम्मीद है। वहीं, 24 सितंबर को शेयरों की लिस्टिंग होगी। NSE के शेयर BSE पर लिस्ट किए जाने का प्रस्ताव है। कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड 1,700 से 1,785 रुपये प्रति शेयर तय किया है। एक लॉट में 8 शेयर होंगे। इस हिसाब से रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए कम से कम 14,280 रुपये लगाने होंगे।

हीरो मोटर्स का 1,000 करोड़ रुपये का IPO

ऑटोमोटिव कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी हीरो मोटर्स भी IPO लेकर आ रही है। इसे पहले से शेयर बाजार में लिस्टेड ऑटो कंपनी हीरो मोटोकॉर्प से अलग समझना चाहिए। हीरो मोटर्स का IPO 1,000 करोड़ रुपये का है। इसमें 600 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 400 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है। IPO 16 सितंबर को खुलेगा और 18 सितंबर को बंद होगा।

अलॉटमेंट 21 सितंबर को होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयरों की NSE और BSE पर 23 सितंबर को लिस्टिंग होगी। IPO के लिए 79 से 84 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। एक लॉट में 178 शेयर होंगे। रिटेल निवेशकों को एक लॉट में 14,952 रुपये का निवेश करना होगा। 

Also Read: कच्चे तेल की आग व डॉलर की मजबूती से घबराए विदेशी निवेशक, सिंतबर में अब तक निकाले ₹13,138 करोड़

SS रिटेल जुटाएगी 500 करोड़ रुपये

SS रिटेल अपने IPO के जरिए 500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इश्यू में 360 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 140 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है। SS रिटेल का IPO 16 सितंबर को खुलेगा और 18 सितंबर को बंद होगा। शेयरों का अलॉटमेंट 21 सितंबर को होने की उम्मीद है। इसके बाद 23 सितंबर को NSE और BSE पर लिस्टिंग होगी। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 403 से 424 रुपये तय किया है। एक लॉट में 35 शेयर होंगे। रिटेल निवेशकों के लिए कम से कम निवेश 14,840 रुपये रहेगा।

सोनासेलेक्शन इंडिया का 141.57 करोड़ रुपये का IPO

सोनासेलेक्शन इंडिया का IPO 141.57 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू है। इसके तहत कंपनी 1.43 करोड़ नए शेयर जारी करेगी। IPO 17 सितंबर को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद हो जाएगा। शेयरों का अलॉटमेंट 22 सितंबर को होने की उम्मीद है, जबकि NSE और BSE पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 24 सितंबर को होगी।

कंपनी ने IPO के लिए 94 से 99 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। IPO के एक लॉट में 150 शेयर होंगे। यानी रिटेल निवेशकों को कम से कम एक लॉट के लिए 14,850 रुपये निवेश करने होंगे।

जिंदल सुप्रीम का IPO 16 सितंबर से

जिंदल सुप्रीम IPO के जरिए कंपनी कुल 124.88 करोड़ रुपये जुटाएगी। इसमें 99.89 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 24.99 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है।

कंपनी का IPO 16 सितंबर को खुलेगा और 18 सितंबर को बंद हो जाएगा। शेयरों का अलॉटमेंट 21 सितंबर को होने की उम्मीद है। वहीं, NSE और BSE पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 23 सितंबर को होगा।

IPO के लिए कंपनी ने 88 से 93 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। एक लॉट में 161 शेयर होंगे। यानी रिटेल निवेशकों को कम से कम एक लॉट के लिए 14,973 रुपये निवेश करने होंगे।

SME सेगमेंट में भी कई कंपनियां लगाएंगी दांव

इस हफ्ते SME सेगमेंट में भी IPO को लेकर काफी हलचल रहेगी। एक्सियम गैस इंजीनियरिंग का IPO 18 सितंबर से 22 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। वहीं, स्पेक्ट्राए टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस और खेरिया ऑटोकॉम्प के IPO में 17 सितंबर से 21 सितंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। इसके अलावा, वामा वोवनफैब, शक्ति पॉलीटार्प और क्वांटो एग्रोवर्ल्ड के IPO में निवेशक 15 सितंबर से 17 सितंबर तक बोली लगा सकेंगे।

First Published : September 13, 2026 | 7:23 PM IST