Representative image
HCL Tech Q1 Results: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी एचसीएल टेक (HCL Technologies) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे उम्मीद से बेहतर पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा और आय दोनों में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही HCL Tech ने पहली तिमाही में अब तक की सबसे बड़ी डील बुकिंग का भी रिकॉर्ड बनाया।
हालांकि, अच्छे नतीजों के बावजूद मंगलवार को कंपनी के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में HCL Tech का शेयर करीब 3 प्रतिशत तक फिसल गया, जबकि बाजार में भी हल्की कमजोरी बनी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCL Technologies) के शेयर मंगलवार दोपहर 12:51 बजे एनएसई (NSE) पर 3.49% या 42.60 रुपये की गिरावट के साथ 1,178.60 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
HCL Tech का शुद्ध लाभ (Net Profit) सालाना आधार पर 20.3 प्रतिशत बढ़कर 4,624 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कंपनी की आय (Revenue) 13.9 प्रतिशत की बढ़त के साथ 34,579 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
हालांकि, स्थिर मुद्रा (Constant Currency) के आधार पर कंपनी की आय में तिमाही-दर-तिमाही 0.5 प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई। यह आंकड़ा विदेशी मुद्रा विनिमय दरों के प्रभाव को हटाकर तैयार किया जाता है।
HCL Tech ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े डेटा सेंटर कारोबार में प्रवेश करने की भी घोषणा की है। इसके लिए कंपनी 3,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। भविष्य में इस क्षमता को 50 मेगावाट तक बढ़ाने की योजना है।
कंपनी का मानना है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर और हाई-वैल्यू AI सेवाओं का संयुक्त मॉडल आने वाले वर्षों में नए अवसर पैदा करेगा।
तिमाही के दौरान HCL Tech के कुल कर्मचारियों की संख्या में 3,292 की कमी आई और 30 जून तक कुल कर्मचारी संख्या 2,23,889 रही।
कंपनी का एट्रिशन रेट 12.7 प्रतिशत रहा। वहीं, फ्रेशर भर्ती भी पिछले साल की तुलना में घटकर 1,056 रह गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी ने 1,984 फ्रेशर्स को नियुक्त किया था।
कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपना अनुमान (Guidance) नहीं बदला है। HCL Tech को उम्मीद है कि पूरे साल में उसकी स्थिर मुद्रा के आधार पर आय 1 से 4 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। वहीं, EBIT मार्जिन 17.5 से 18.5 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है।
बेहतर तिमाही नतीजों के बावजूद निवेशकों ने शेयर में मुनाफावसूली की। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में HCL Tech का शेयर लगभग 3.2 प्रतिशत तक गिरकर 1,182.60 रुपये के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया। बाद में शेयर में कुछ सुधार भी देखने को मिला।
विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी के मजबूत प्रदर्शन के बावजूद आईटी सेक्टर में मांग को लेकर बनी अनिश्चितता और प्रतिस्पर्धा को लेकर निवेशकों की चिंता शेयर पर दबाव का कारण बनी।
ब्रोकरेज फर्म Nomura ने HCL Tech पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए लक्ष्य मूल्य 1,290 रुपये कर दिया है, जो पहले 1,250 रुपये था।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी ने वित्त वर्ष की अच्छी शुरुआत की है और हाल में मिली 1 अरब डॉलर से अधिक की मेगा डील भविष्य की ग्रोथ को मजबूत करेगी। हालांकि, इस डील का बड़ा असर वित्त वर्ष 2027-28 की पहली तिमाही से दिखाई देने की उम्मीद है।
Antique ने कंपनी के प्रदर्शन को अनुमान से थोड़ा बेहतर बताया है। ब्रोकरेज ने रिकॉर्ड डील बुकिंग और स्थिर मांग को सकारात्मक संकेत माना है।
हालांकि, अमेरिकी टेलीकॉम ग्राहकों की ओर से खर्च में कमी का असर रिसर्च और इंजीनियरिंग कारोबार पर पड़ा है। Antique ने ‘Hold’ रेटिंग बरकरार रखते हुए लक्ष्य मूल्य 1,225 रुपये कर दिया है।
Capital 360 One का मानना है कि HCL Tech अपने बड़े प्रतिस्पर्धियों की तुलना में बेहतर स्थिति में है। फिर भी पूरे आईटी सेक्टर में बनी चुनौतियों के कारण निकट भविष्य में तेज ग्रोथ की संभावना सीमित रह सकती है।
ब्रोकरेज ने कंपनी के FY27 और FY28 के आय अनुमान में मामूली बढ़ोतरी की है और 1,200 रुपये का लक्ष्य मूल्य बनाए रखा है।
Systematix के मुताबिक HCL Tech ने पहली तिमाही में अनुमान से बेहतर राजस्व, मार्जिन और रिकॉर्ड डील बुकिंग दर्ज की है।
ब्रोकरेज ने कंपनी के AI कारोबार में तेजी, Sarvam निवेश और AI डेटा सेंटर योजना को लंबी अवधि के लिए सकारात्मक बताया है। हालांकि, बढ़ती प्रतिस्पर्धा, AI आधारित प्राइसिंग दबाव और कुछ बड़े ग्राहकों से जुड़ी चुनौतियां आगे की ग्रोथ को प्रभावित कर सकती हैं। Systematix ने 1,180 रुपये के लक्ष्य मूल्य के साथ ‘Hold’ रेटिंग बनाए रखी है।
*डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई राय और अनुमान संबंधित ब्रोकरेज हाउस या विश्लेषकों के हैं। Business Standard इन विचारों का समर्थन नहीं करता। निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने विवेक से निर्णय लें।