बाजार

BSE ने जियो फाइनैंशियल सर्विसेज को इंडेक्स से बाहर करने का फैसला 29 अगस्त तक के लिए टाला

पहले जियो फाइनैंशियल का शेयर 24 अगस्त को सूचकांकों से हटाया जाने वाला था।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 22, 2023 | 6:15 PM IST

शेयर बाजार में सोमवार को सूचीबद्ध हुई रिलायंस समूह की गैर-बैंकिंग वित्तीय सेवा कंपनी जियो फाइनैंशियल सर्विसेज लिमिटेड (Jio Financial Services Ltd) को BSE के सभी सूचकांकों से हटाने का काम 29 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया है।

JFSL के शेयर में लगातार दूसरे दिन लगा लोअर सर्किट

देश के प्रमुख शेयर बाजार BSE ने मंगलवार को कहा कि सूचकांक समिति ने JFSL में लगातार दो दिन तक लोअर सर्किट लगने के बाद इसे सभी सूचकांकों से हटाने का काम तीन दिनों के लिए टाल दिया है। अब इसे 29 अगस्त को सूचकांकों से हटाया जाएगा। पहले जियो फाइनैंशियल का शेयर 24 अगस्त को सूचकांकों से हटाया जाने वाला था। लेकिन इसके शेयरों में दो दिन के भीतर लगातार लोअर सर्किट लगने से इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है।

Also read: पहले ही दिन 5 प्रतिशत लुढ़का Jio Financial का शेयर, बन गई 34वीं सबसे बड़ी कंपनी

सोमवार को BSE और NSE पर लिस्ट हुआ था JFSL

जियो फाइनैंशियल का शेयर सोमवार को BSE और NSE में भी सूचीबद्ध हुआ था। लेकिन कारोबार के पहले ही दिन यह BSE में 5 प्रतिशत गिर गया जो इसका लोअर सर्किट था। यह सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा और इसका शेयर एक बार फिर लोअर सर्किट को छू गया।

BSE ने अपने परिपत्र में कहा कि अगर कंपनी के शेयर में लोअर सर्किट अगले दो दिन भी लगता है तो फिर सूचकांक से हटाने का कदम दो दिन आगे बढ़ा दिया जाएगा। शेयर बाजार ने देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से अलग होने के बाद जियो फाइनैंशियल के सूचीबद्ध होने को ध्यान में रखते हुए इसे सूचकांक का हिस्सा बनाया था ताकि यह मूल कंपनी के शेयरों में उतार-चढ़ाव से अधिक प्रभावित न हो।

First Published : August 22, 2023 | 6:15 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)