मुख्य सामग्री पर जाएं
बिज़नेस स्टैंडर्ड

जापान ने 2024 के लिए 56 अरब डॉलर के रक्षा बजट को मंजूरी दी, तोड़ दिए रिकॉर्ड

जापान के मंत्रिमंडल ने 2024 के लिए 56 अरब अमेरिकी डॉलर की रक्षा बजट योजना को शुक्रवार को मंजूरी दे दी है, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 16 प्रतिशत से अधिक है। मार्च से शुरू होने वाले वित्त वर्ष…

Japan's Cabinet OKs record USD 56 billion defence budget for 2024 to accelerate strike capability

Japan's Cabinet OKs record USD 56 billion defence budget for 2024 to accelerate strike capability

Last Updated: दिसंबर 22, 2023 | 7:32 PM IST

जापान के मंत्रिमंडल ने 2024 के लिए 56 अरब अमेरिकी डॉलर की रक्षा बजट योजना को शुक्रवार को मंजूरी दे दी है, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 16 प्रतिशत से अधिक है।

मार्च से शुरू होने वाले वित्त वर्ष के लिए 7.95 हजार अरब येन के बजट से उत्तर कोरिया और चीन तक मार करने में सक्षम लंबी दूरी की मिसाइलों की तैनाती में तेजी आएगी और सेना एफ-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान और अन्य अमेरिकी हथियारों के साथ अपनी ताकत को मजबूत कर सकेगी।

जापान की सेना अपने सहयोगियों के साथ मिलकर और आक्रमक रुख अपना रही है। जापान का वित्तवर्ष मार्च से शुरू होता है और प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा सरकार ने पांच साल के सैन्य शक्ति निर्माण कार्यक्रम की घोषणा की थी।

वित्त वर्ष 2024 इस योजना का दूसरा साल होगा। जापान केवल आत्मरक्षा के लिए सैन्य बल की नीति पर चल रहा था जिसे बदलकर अब वह अपनी ताकत को मजबूत कर रहा है।

जापान ने अपनी सैन्य शक्ति बढ़ाने के लिए 2027 तक 43 हजार अरब येन (300 अरब अमेरिकी डॉलर) खर्च करने की योजना बनाई है। इसी के साथ जापान, अमेरिका और चीन के बाद दुनिया का तीसरा देश बन जाएगा जो अपनी सेना पर सबसे अधिक खर्च करता है।

जापान ने अगले साल के रक्षा बजट में लगभग 734 अरब येन (5.15 अरब अमेरिकी डॉलर) टाइप-12 क्रूज़ मिसाइलों और अमेरिका निर्मित टॉमहॉक्स के साथ-साथ अगली पीढ़ी की लंबी दूरी की मिसाइलों के विकास के लिए रखा है।

जापान 3,000 किलोमीटर (1,864 मील) की रेंज वाली हाइपरसोनिक निर्देशित मिसाइलों के विकास के लिए 80 अरब येन (56.2 करोड़ अमेरिकी डॉलर) से अधिक खर्च करेगा।

Advertisement