Representative image
संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में एक इमारत पर हवाई इंटरसेप्शन के दौरान गिरा मलबा मिलने की घटना सामने आई है। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार यह मलबा दुबई इंटरनेट सिटी स्थित ऑरेकल बिल्डिंग के बाहरी हिस्से पर गिरा।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद तुरंत मौके पर टीम भेजी गई और स्थिति को संभाल लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि यह एक छोटा सा हादसा था, जो हवाई इंटरसेप्शन के दौरान गिरे मलबे की वजह से हुआ।
इससे पहले भी दुबई मरीना इलाके में एक इमारत पर इसी तरह मलबा गिरने की घटना सामने आई थी। वहां भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी।
अधिकारियों ने दोनों घटनाओं को मामूली बताया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
मध्य पूर्व में अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब खाड़ी देशों तक पहुंच गया है। इसी कड़ी में दुबई में एक हवाई खतरे को रोकने की कार्रवाई के दौरान उसका मलबा एक इमारत पर गिर गया।
दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार, दुबई मरीना इलाके में एक इमारत के बाहरी हिस्से पर यह मलबा गिरा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में न तो आग लगी और न ही किसी के घायल होने की खबर है। अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया।
दुबई मरीना एक प्रमुख रिहायशी इलाका है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक भी आते हैं। यहां दुबई मरीना मॉल जैसे लोकप्रिय स्थान मौजूद हैं।
इस बीच, यूएई पहले भी इस संघर्ष की चपेट में आ चुका है। 28 फरवरी से शुरू हुए इस तनाव के दौरान देश के ऊर्जा ठिकानों पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अबू धाबी के हबशन गैस प्लांट पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग घायल हुए थे। इस हमले में प्लांट को भारी नुकसान पहुंचा था। हबशन गैस प्लांट यूएई का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस प्रसंस्करण केंद्र है।
यह पूरा संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर हमले किए थे। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अमेरिकी और इज़राइली ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे हालात और गंभीर हो गए।