भारत

संसद में इस सप्ताह पेश होंगे तीन विधेयक

इनमें एक बैंकिंग से जुड़ा है, जबकि दूसरा तेल क्षेत्र (नियमन एवं विकास) अधिनियम और तीसरा गोवा विधान सभा में अनुसूचित जनजाति को प्रतिनिधित्व देने से संबंधित है।

Published by
अर्चिस मोहन   
Last Updated- August 04, 2024 | 10:38 PM IST

इस सप्ताह सरकार संसद में तीन विधेयक पेश कर सकती है। इनमें एक बैंकिंग से जुड़ा है, जबकि दूसरा तेल क्षेत्र (नियमन एवं विकास) अधिनियम और तीसरा गोवा विधान सभा में अनुसूचित जनजाति को प्रतिनिधित्व देने से संबंधित है। राज्य सभा की सोमवार की कार्य सूची के मुताबिक पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तेल क्षेत्र (नियमन एवं विकास) संशोधन विधेयक- 2024 सदन में पेश करेंगे।

इस विधेयक का विवरण उपलब्ध नहीं है। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक 2024 को पेश करने की मंजूरी दी थी। इस कानून में संशोधन कर बैंक खातों में नॉमिनी की संख्या बढ़ाकर 4 करने का प्रावधान किया जा सकता है।

उधर, लोक सभा में सरकार अनुसूचित जनजातियों का प्रतिनिधित्व पुन: समायोजन विधेयक 2024 पटल पर रखेगी। यह कानून जनगणना आयोग को गोवा में अनुसूचित जनजातियों की जनसंख्या को अधिसूचित करने की शक्तियां प्रदान करेगा।

First Published : August 4, 2024 | 10:37 PM IST