भारत

Arvind Kejriwal: केजरीवाल की गिरफ्तारी पर ईडी से जवाब तलब

न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू से गिरफ्तारी के समय से जुड़े सवाल का जवाब देने के लिए कहा।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 30, 2024 | 10:06 PM IST

उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को आम चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के समय को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से सवाल किया और जांच एजेंसी से इस बारे में जवाब मांगा। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू से गिरफ्तारी के समय से जुड़े सवाल का जवाब देने के लिए कहा।

पीठ ने कहा, ‘जीवन और स्वतंत्रता बेहद महत्वपूर्ण हैं। आप इससे इनकार नहीं कर सकते।’ पीठ ने राजू से कई अन्य सवाल भी पूछे। पीठ ने जांच एजेंसी से केजरीवाल की उस याचिका पर सुनवाई की अगली तारीख पर जवाब देने के लिए कहा, जिसमें उन्होंने कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित धन शोधन मामले में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है।

मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार को होने की संभावना है। इस मामले में 21 मार्च को गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल फिलहाल न्यायिक हिरासत के तहत यहां तिहाड़ जेल में बंद हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल से जेल में मुलाकात की और बताया कि आम आदमी पार्टी प्रमुख ने उन्हें लोक सभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रत्याशियों के लिए सक्रियता से प्रचार करने को कहा है। मान ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि केजरीवाल का स्वास्थ्य ठीक है।

First Published : April 30, 2024 | 10:06 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)