अर्थव्यवस्था

GST Reforms: GST दरों में बदलाव से क्या-क्या हो सकता है सस्ता? देखें पूरी लिस्ट

केंद्र सरकार ने GST की दरों को  5% और 18% के दो स्तरों तक सीमित करने का प्रस्ताव रखा है। मौजूदा 12% और 28% की दरें खत्म हो जाएंगी।

Published by
रिमझिम सिंह   
Last Updated- August 16, 2025 | 6:35 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लाल किले से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को दीवाली का तोहफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) में बड़े बदलाव किए जाएंगे, जिससे देश की टैक्स व्यवस्था आसान और हल्की हो जाएगी।

GST में क्या बदलेगा?

केंद्र सरकार ने GST की दरों को  5% और 18% के दो स्तरों तक सीमित करने का प्रस्ताव रखा है। मौजूदा 12% और 28% की दरें खत्म हो जाएंगी। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, इस योजना को राज्यों के वित्त मंत्रियों के समूह को भेज दिया गया है। यह समूह इस पर अध्ययन करेगा और फिर इसे GST काउंसिल के सामने रखेगा। काउंसिल की अगली बैठक अगले महीने होने की उम्मीद है।

फिलहाल GST की चार प्रमुख दरें हैं:  

  • 0% – जरूरी खाद्य सामग्री पर
  • 5% – रोजमर्रा की चीजों पर
  • 12% – सामान्य सामान पर
  • 18% – इलेक्ट्रॉनिक्स और सेवाओं पर
  • 28% – लग्जरी और हानिकारक (सिन) सामान पर

प्रस्तावित बदलावों के तहत, 12% स्लैब की ज्यादातर चीजें 5% में आ जाएंगी, जबकि 28% स्लैब की करीब 90% चीजें 18% में शिफ्ट होंगी। लग्जरी और हानिकारक सामान, जैसे तंबाकू, पर 40% की विशेष दर लागू होगी। ऑनलाइन गेमिंग को भी हानिकारक श्रेणी में रखा जाएगा और इस पर सबसे ज्यादा टैक्स लगेगा।

Also Read: GST में होगा बड़ा सुधार: अधिकतर सामान 5% और 18% के दायरे में आएंगे, MSMEs और कारोबारियों को मिलेगा फायदा

PM मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने इन सुधारों को दीवाली का तोहफा करार दिया। उन्होंने कहा, “इस दीवाली, मैं आपके लिए डबल दीवाली बनाने जा रहा हूं। देशवासियों को बड़ा तोहफा मिलेगा। हम अगली पीढ़ी के GST सुधार ला रहे हैं। इससे पूरे देश में टैक्स का बोझ कम होगा। यह दीवाली से पहले का तोहफा होगा।”

अपने भाषण की शुरुआत में मोदी ने स्वतंत्रता दिवस को “1.4 अरब संकल्पों का त्योहार” बताया और कहा कि पिछले 75 सालों से संविधान भारत को “लाइटहाउस की तरह” रास्ता दिखा रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा, “आत्मनिर्भरता सिर्फ रुपये, पाउंड या डॉलर तक सीमित नहीं है। यह हमारी क्षमताओं से जुड़ा है। मेड-इन-इंडिया इतना शानदार रहा कि दुश्मन को पता ही नहीं चला कि क्या उन्हें नष्ट कर रहा है। सोचिए, अगर हम आत्मनिर्भर न होते, तो क्या हम ऑपरेशन सिंदूर को इतनी आसानी से अंजाम दे पाते?”

सरकार क्यों चाहती है सुधार?

केंद्र सरकार को अभी GST का सबसे ज्यादा राजस्व 18% स्लैब से मिलता है, जो कुल कमाई का 65% है। 28% स्लैब से 11%, 12% स्लैब से 5%, और 5% स्लैब से 7% राजस्व आता है। स्लैब को कम करके सरकार टैक्स सिस्टम को आसान बनाना चाहती है और अनुपालन से जुड़ी समस्याओं को कम करना चाहती है।

क्या-क्या होगा सस्ता?

नई GST दरें लागू होने के बाद कई रोजमर्रा की चीजें और सेवाएं सस्ती हो जाएंगी। फाइनेंशियल एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, 5% स्लैब में आने वाली चीजों में शामिल हैं:  

  • टूथ पाउडर, टूथपेस्ट, साबुन, हेयर ऑयल
  • प्रोसेस्ड फूड, स्नैक्स, फ्रोजन सब्जियां, कंडेंस्ड मिल्क
  • मोबाइल, कंप्यूटर, सिलाई मशीन, प्रेशर कुकर, गीजर
  • पानी के फिल्टर (बिना बिजली वाले), इस्त्री, वैक्यूम क्लीनर
  • 1,000 रुपये से ज्यादा की रेडीमेड कपड़े, 500-1,000 रुपये की रेंज वाले जूते
  • ज्यादातर वैक्सीन, HIV/TB डायग्नोस्टिक किट, आयुर्वेदिक दवाएं
  • साइकिल, गैर-केरोसिन स्टोव, बारबेक्यू, बर्तन
  • एक्सरसाइज बुक, ज्योमेट्री बॉक्स, नक्शे, ग्लोब
  • ग्लेज्ड टाइल्स, प्री-फैब्रिकेटेड बिल्डिंग, वेंडिंग मशीन
  • पब्लिक ट्रांसपोर्ट वाहन (बिक्री, किराया नहीं), कृषि मशीनरी
  • सोलर वॉटर हीटर

8% स्लैब में क्या होगा सस्ता?

28% स्लैब की चीजें जो 18% में आएंगी, उनमें शामिल हैं:  

  • बीमा (कुछ मामलों में 0% हो सकता है)
  • सीमेंट, रेडी-मिक्स कंक्रीट
  • टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, AC
  • कार और मोटरसाइकिल की सीट, रेलवे AC यूनिट
  • एयरेटेड वॉटर, डिशवॉशर, निजी इस्तेमाल के लिए विमान
  • प्रोटीन कॉन्सेंट्रेट, चीनी सिरप, कॉफी कॉन्सेंट्रेट
  • प्लास्टिक प्रोडक्ट, रबर टायर, एल्यूमिनियम फॉयल, टेम्पर्ड ग्लास
  • प्रिंटर, रेजर, मैनिक्योर किट, डेंटल फ्लॉस
First Published : August 16, 2025 | 6:34 PM IST