अर्थव्यवस्था

China Imports: चीन से आने वाले 5 उत्पाद सरकार के रडार पर, शुरू हुई बड़ी जांच

भारत ने चीन समेत कई देशों से आयातित 5 उत्पादों पर डंपिंग रोधी जांच शुरू की है

Published by
भाषा   
Last Updated- July 02, 2026 | 8:24 AM IST

भारत ने घरेलू उद्योगों की शिकायतों के बाद चीन और अन्य देशों से आयातित पांच उत्पादों के खिलाफ डंपिंग रोधी जांच शुरू कर दी है। अब मोल्डेड सोडा-लाइम ग्लास वायल्स, इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर, सायन्यूरिक क्लोराइड, 100 माइक्रोन से अधिक मोटाई वाली पॉलीएथिलीन टेरेफ्थेलेट (पीईटी) फिल्म और एंथ्रासाइट कोयले से बने कार्बन रेजर की डंपिंग रोधी जांच कराई जाएगी।

वाणिज्य मंत्रालय के तहत कार्यरत व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर यह जांच शुरू की है। इन सभी मामलों में अलग-अलग घरेलू कंपनियों ने डीजीटीआर के समक्ष शिकायत की दी। पीजीपी ग्लास लिमिटेड ने चीन से आने वाले मोल्डेड सोडा-लाइम ग्लास वायल्स के कथित डंपिंग के खिलाफ जांच की मांग की है।

आईपीएल टेक इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड ने भी चीन से आने वाले इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर के कथित डंपिंग की जांच की मांग की है। कंपनियों ने आरोप लगाया है कि कम कीमत पर आयातित ये उत्पाद घरेलू उद्योग को नुकसान पहुंचा रहे हैं और इन पर डंपिंग रोधी शुल्क लगाने की आवश्यकता है। भाषा

First Published : July 2, 2026 | 8:24 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)