1 से 21 दिसंबर के दौरान 36 फीसदी बढ़ा निर्यात

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 10:35 PM IST

दिसंबर महीने के पहले तीन हफ्तों के दौरान देश ने सामानों की जबरदस्त बाहरी मांग के बीच 23.8 अरब डॉलर का निर्यात किया है जो सालाना आधार पर 36.2 फीसदी अधिक है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी किए गए शुरुआती आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
यह वृद्घि 2019-20 की समान अवधि के मुकाबले 27.7 फीसदी अधिक है। दो वर्ष पहले इस अवधि के दौरान 18.65 अरब डॉलर के सामानों का निर्यात किया गया था।
इस अवधि में पेट्रोलियम तेल और स्नेहकों को छोड़कर अन्य वस्तुओं के निर्यात में 2020-21 के साथ साथ 2019-20 की समान अवधि के मुकाबले 28 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।      
आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर के तीसरे हफ्ते में निर्यात 7.36 अरब डॉलर का रहा जो कि 2020-21 की समान अवधि के मुकाबले एक चौथाई से अधिक की वृद्घि दर्शाता है। यह 2019-20 की समान अवधि में 15.4 फीसदी अधिक रहा था।   
प्रमुख वैश्विक बाजारों सुधार होने और मजबूत मांग की बदौलत साल के आरंभ से ही निर्यातों में वृद्घि बनी हुई थी हालांकि, इसकी रफ्तार नवंबर महीने में धीमी पड़ गई थी। नवंबर महीने में निर्यात वृद्घि की दर फिसलकर 26.49 फीसदी पर आ गई थी जो अक्टूबर महीने में 43.05 फीसदी पर रही थी। मूल्य के संदर्भ में बात करें तो यह गिरकर 29.8 अरब डॉलर पर आ गई थी जो कि नौ महीने का सबसे निचला स्तर था। 

First Published : December 27, 2021 | 11:19 PM IST