एजुकेशन टेक्नॉलजी (एड-टेक) यूनिकॉर्न फिजिक्सवाला ने अपनी उधारी रणनीति में बदलाव किया है। कंपनी ने गुरुवार को स्टॉक एक्सचेंज को भेजी जानकारी में कहा कि अब वह अपनी सहायक इकाई के जरिये छात्र ऋण की पेशकश नहीं करेगी बल्कि उसने कई गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के साथ साझेदारी की है। हालांकि, कंपनी ने उन एनबीएफसी का नाम नहीं बताया जिनके साथ उसने करार किया है।
कंपनी ने कहा, ‘फिजिक्स वाला अपनी ऋण रणनीति का पुनर्गठन कर रही है और उसने छात्र ऋण की जरूरतों को पूरा करने के लिए कई अग्रणी प्रमुख थर्ड पार्टी एनबीएफसी के साथ करार किया है।’
खास बात यह कि मई के आखिरी सप्ताह में वित्त वर्ष 2025-2026 की चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा करते हुए कंपनी ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी फिनजेड फाइनैंस प्राइवेट लिमिटेड में इक्विटी निवेश के माध्यम से लगभग 120 करोड़ रुपये लगाने की बात कही थी।
लेकिन कंपनी ने अब कहा है कि वह एक ऐसे प्रौद्योगिकी मंच के रूप में काम करना जारी रखेगी जो छात्रों को उनके सीखने के चक्र और शैक्षिक सफर के आधार पर, विनियमित ऋण भागीदारों की चुनिंदा सूची से जोड़ता है।
इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए फर्म के सह-संस्थापक प्रतीक माहेश्वरी ने कहा कि कंपनी को अपने भागीदारों से फीडबैक मिला है कि उसकी मुख्य ताकत समुदायों के निर्माण और उसके ऑनलाइन कारोबार में है।