250 इंजीनियरों की नियुक्ति करेगी उबर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:51 AM IST

उबर ने बुधवार को कहा कि वह अपनी बेंगलूरु और हैदराबाद स्थित टीमों के लिए करीब 250 इंजीनियर नियुक्त कर रही है, क्योंकि कंपनी भारत में अपने इंजीनियरिंग एवं उत्पाद कार्य के लिए परिचालन का दायरा बढ़ा रही है।
कंपनी ने एक बयान में कहा है कि नियुक्तियों का मौजूदा राउंड कंपनी की वृद्घि, डिलिवरी, भोजन प्रदान करने, डिजिटल पेमेंट, रिस्क एवं कॉम्पलायंस, मार्केटप्लेस, कस्टमर ओबेसन, इन्फ्रास्ट्रक्चर, एडटेक, डेटा टीमों को मजबूत बनाएगा।
इन जिम्मेदारियों को हैदराबाद और बेंगलूरु टेक केंद्रों के बीच विभाजित किया जा रहा है।
उबर की विस्तार योजनाएं मोबिलिटी और डिलिवरी सेवाओं को ज्यादा सुलभ बनाने और वैश्विक रूप से 10,000 से ज्यादा शहरों में परिवहन की रीढ़ बनने के उसके मकसद के अनुरूप हैं।
उबर ने नई टीमों के निर्माण के लिए संभावित उम्मीदवारों तक पहुंच बनानी शुरू कर दी है। हाल में उबर की टेक टीमों ने सभी शहरों में यात्रा और डिलिवरी सुरक्षित बनाने के लिए प्रौद्योगिकी में भारी निवेश किया है, जिसमें मास्क-डिटेक्शन फीचर्स और सभी देशों में मैप्स की अपडेटिंग मुख्य रूप से शामिल है।

First Published : June 9, 2021 | 11:23 PM IST