उद्योग से तेज होगी टीवीएस की रफ्तार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 9:02 AM IST

टीवीएस मोटर ने कहा है कि वह 2021-22 के दौरान नए उत्पादों के विकास, प्रौद्योगिकी एवं अन्य मदों में लगभग 500 करोड़ रुपये के पूंजीगत खर्च को बरकरार रखेगी। कंपनी ने यह भी कहा कि है कि वह एबिटा वृद्धि को बनाए रखने के लिए उत्पादों को प्रीमियम बनाने, बेहतर उत्पाद मेल और लागत में कमी संबंधी उपायों पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगी। प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि घरेलू और निर्यात दोनों मोर्चे पर कंपनी उद्योग के मुकाबले तेज वृद्धि दर्ज करेगी।
टीवीएस ने 31 दिसंबर, 2020 को समाप्त तीसरी तिमाही के दौरान 266 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया जो उसका अब तक सर्वाधिक मुनाफा है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी ने 121.07 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। परिचालन के मोर्चे पर दमदार प्रदर्शन से मुनाफे को बल मिला। तिमाही के दौरान कंपनी का राजस्व 5,404 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले की समान तिमाही में 4,126 करोड़ रुपये रहा था।
टीवीएस मोटर के निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी केएन राधाकृष्णन ने कहा कि कंपनी के प्रदर्शन को उपयुक्त उत्पाद मेल एवं अन्च खर्च में कमी से बल मिला। मात्रात्मक बिक्री में उल्लेखनीय सुधार, मूल्य वृद्धि और लागत को नियंत्रित करने पर लगातार ध्यान दिए जाने से लाभप्रदता को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘हम उत्पादों को प्रीमियम बनाने, बेहतर उत्पाद मेल और लागत प्रबंधन के जरिये एबिटा मार्जिन में सुधार लाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।’
तिमाही के दौरान कंपनी का सकल मार्जिन तिमाही आधार पर 40 आधार अंकों (-390आधार अंक) के सुधार के साथ 23.9 फीसदी हो गया। तिमाही के दौरान कंपनी का एबिटा मार्जिन 9.5 फीसदी हो गया।
राधाकृष्णन ने कहा कि शहरी बाजारों में खुदरा बिक्री कोविड-पूर्व स्तर पर लौट चुकी है और स्कूटर श्रेणी में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मांग भी दमदार है। सरकार यदि आगामी बजट में दोपहिया वाहनों पर जीएसटी में कमी कर दे तो मांग में कहीं अधिक तेजी आएगी।

First Published : January 29, 2021 | 11:34 PM IST