व्यावसायिक वाहन बनाने वाली कंपनी टाटा मोटर्स ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के लिए 1625 लो-फ्लोर बसों की आपूर्ति और रख-रखाव के लिए 2200 करोड़ रुपये का ठेका हासिल किया है।
टाटा मोटर्स द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि डीटीसी की 1625 लो-फ्लोर बसों के लिए 900 करोड़ रुपये का ठेका मिला है, जबकि 12 वर्षों के लिए इन बसों के रख रखाव के लिए 1300 करोड़ रुपये का ठेका मिला है।
मालूम हो कि कंपनी को डीटीसी से यह दूसरा ऑर्डर मिला है। इससे पहले 2007 में 650 बसों के निर्माण का ठेका कंपनी को मिला था। वैसे कंपनी द्वारा निर्मित बसें पहले से दिल्ली की सड़कों पर दौड़ रही है, लेकिन अल्ट्रा लो-फ्लोर बसों में चढ़ना और उतरना काफी सुविधापूर्ण है।
इन बसों में यात्रियों को ज्यादा ऊपर चढ़ाई नहीं करनी पड़ती है, बस चलकर बस में प्रवेश किया जा सकता है। इन बसों के बीच और आगे में दो चौड़े दरवाजे होते हैं, जिसके जरिये एक साथ आसानी से तीन लोग बस में चढ़ सकते हैं। इसके अलावा बस के अंदर में जगह भी काफी होती है।