टाटा कम्युनिकेशंस के ओएफएस की बिक्री पूरी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 6:57 AM IST

सरकार ने मंगलवार को टाटा कम्युनिकेशंस में अपनी हिस्सेदारी का विनिवेश कामयाबी के साथ पूरा कर लिया। ओएफएस के तहत करीब 4.6 करोड़ शेयरों की पेशकश की गई थी और निवेशकों ने 5.6 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई। स्टॉक एक्सचेंजों के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। ओएफएस का फ्लोर प्राइस 1,161 रुपये तय किया गया था।
ज्यादातर बोली 1,184 रुपये के भाव मिली। टाटा कम्युनिकेशंस का शेयर द्वितीयक बाजार में 6.5 फीसदी टूटकर 1,213 रुपये पर बंद हुआ। ओएफएस के बाद सरकार की टाटा कम्युनिकेशंस में हिस्सेदारी 26.12 फीसदी से घटकर 10 फीसदी रह जाएगी। सरकार की बाकी 10 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण टाटा संस की निवेश इकाई पैंटोन फिनवेस्ट करेगी। ओएफएस से सरकार को करीब 5,500 करोड़ रुपये मिलेंगे, वहीं 10 फीसदी हिस्सेदारी की बिक्री से 3,400 करोड़ रुपये और हासिल होंगे। अभी पैंटोन फिनवेस्ट के पास टाटा कम्युनिकेशंस की 34.8 फीसदी हिस्सेदारी है जबकि टाटा संस के पास 14.1 फीसदी हिस्सेदारी है। टाटा समूह की कुल हिसस्सेदारी बढ़कर 58.9 फीसदी पर पहुंच जाएगी जबकि बाकी आम लोगों के पास होगी। बीएस

एयू स्मॉल फाइनैंस बैंक ने निवेशकों से 625 करोड़ रुपये जुटाए
जयपुर स्थित एयू स्मॉल फाइनैंस बैंक ने कुछ निवेशकों को शेयर जारी कर 625.50 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह निवेश पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) के जरिए प्राप्त किया गया। बैंक ने नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी है। उसने कहा है, बैंक ने क्यूआईपी के तहत 50 लाख इक्विटी शेयरों का आवंटन कर 625.5 करोड़ रुपये सफलतापूर्वक जुटा लिए हैं। यह आवंटन 1,251 रुपये प्रति शेयर के भाव पर किया गया। इश्यू 9 मार्च को जारी किया गया था।  भाषा
आदित्य बिड़ला म्युचुअल फंड ने पेश किया इंडेक्स फंड
आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्युचुअल फंड ने दो नया इंडेक्स फंड पेश किया है, जो मिडकैप व स्मॉलकैप क्षेत्रों पर केंद्रित है। ये फंड हैं आदित्य बिड़ला सन लाइफ निफ्टी मिडकैप-150 इंडेक्स फंड, जो निफ्टी मिडकैप-150 टोटल रिटर्न इंडेक्स को ट्रैक करता है। दूसरा है आदित्य बिड़ला सन लाइफ निफ्टी स्मॉलकैप-50 इंडेक्स फंड, जो निफ्टी स्मॉलकैप-50 टोटल रिटर्न इंडेक्स को ट्रैक करता है। बीएस

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एमएफ ने निफ्टी लो वॉलैटिलिटी 30 ईटीएफ उतारा
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्युचुअल फंड ने निफ्टी लो वॉलैटिलिटी 30 फंड ऑफ फंड पेश किया है। नया एनएफओ 23 मार्च को खुलेगा और 6 अप्रैल को बंद होगा। बीएस

First Published : March 16, 2021 | 11:28 PM IST