कंपनियां

टाटा कम्युनिकेशंस और टीटीबीएस लाएंगी छोटे उद्यमों के लिए एआई प्लेटफॉर्म

इस घोषणा के तहत कंपनियों ने समर्पित फिक्स्ड-लाइन नंबरों से जुड़े एआई-संचालित वॉयस एजेंट का प्रदर्शन किया

Published by
शुभम कुमार   
Last Updated- July 28, 2026 | 11:22 PM IST

टाटा कम्युनिकेशंस और टाटा टेली बिजनेस सर्विसेज (टीटीबीएस) ने छोटे और मझोले कारोबारों के लिए एकीकृत आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) प्लेटफॉर्म स्टैक पेश करने के लिए आज साझेदारी का ऐलान किया। टाटा समूह की इन दोनों कंपनियों ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म से उनको ऐसे छोटे कारोबारों के बीच पहुंचने में मदद मिलेगी जो उद्यम-श्रेणी के एआई समाधान चाहते हैं और जिन तक उनकी पहुंच बहुत कम है। 

इस घोषणा के तहत कंपनियों ने समर्पित फिक्स्ड-लाइन नंबरों से जुड़े एआई-संचालित वॉयस एजेंट का प्रदर्शन किया। ऐसे एजेंट ग्राहकों के साथ बातचीत कर सकते हैं, नियमित पूछताछ को संभाल सकते हैं, मुलाकात का समय और आगे की कार्यवाही कर सकते हैं, ऑर्डर को प्रोसेस कर सकते हैं और बड़े स्तर पर हर वक्त व्यक्तिगत मदद दे सकते हैं। 

कंपनियों ने कहा कि वॉयस एजेंट ग्राहकों को यात्रा की बुकिंग और स्वास्थ्य देखभाल की मुलाकात का वक्त तय करने जैसे सामान्य काम में मदद कर सकते हैं। उम्मीद है कि उपभोक्ताओं से रूबरू ये संचार टूल स्वाभाविक बातचीत के जरिये रूटीन पूछताछ को हल करेंगे। 

इससे परिचालन दक्षता में सुधार होगा। टाटा कम्युनिकेशंस वायु एआई क्लाउड पर होस्ट अपने बातचीत वाले एआई प्लेटफॉर्म कमोशन की पेशकश करेगी, जबकि टीटीबीएस अंतर्निहित वॉयस सुविधा प्रदान करेगी। कंपनियों ने कहा कि इस एकीकरण से एआई एजेंट एकीकृत नेटवर्क फैब्रिक के जरिये जरूरी डेटा तक सुरक्षित रूप से पहुंच सकेंगे।

First Published : July 28, 2026 | 11:19 PM IST