कहीं नौकरी नक्को, कहीं तनख्वाह पर बैक गियर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 1:57 AM IST

वैश्विक आर्थिक मंदी के बीच सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की एल्युमिनियम उत्पादक कंपनी नाल्को से नई नियुक्तियों पर रोक लगाने और लागत घटाने संबंधी कदम उठाने को कहा है।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कंपनी से संबंधित त्रैमासिक प्रदर्शन समीक्षा में कहा है कि कंपनी का लक्ष्य अपनी उत्पादन लागत को निम्न स्तर पर रखना होना चाहिए। इसके लिए श्रम लागत एक महत्वपूर्ण तत्व है। सामान्य परिस्थिति में नई नियुक्तियां नहीं होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि मांग और धातु की कीमत में कमी के बीच नवरत्न पीएसयू नाल्को ने पहले ही परिचालन व्यय को कम करने के इरादे से 700 कर्मचारियों की भर्ती पर रोक लगा दी है। 

कंपनी ने 4,400 करोड़ रुपये की विस्तार योजना शुरू की है, जिससे उसकी उत्पादन क्षमता इस साल अगस्त में बढ़कर 4.6 लाख टन हो जाएगी।

एमचएम में तनख्वाह घटाई गईं
सीके बिड़ला समूह की कंपनी हिंदुस्तान मोटर्स (एचएम) ने कारों एवं ऑटो कंपोनेंट की मांग में गिरावट के मद्देनजर अपने प्रबंधकों एवं कार्यकारी अधिकारियों की तनख्वाहें 10-12.5 फीसदी तक घटा दी हैं।
कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि कंपनी ने कार्यकारियों एवं प्रबंधकों का वेतन सीटीसी आधार पर नवंबर से 10-12.5 फीसदी के बीच घटा दिया है। वहीं कर्मचारियों की शुध्द तनख्वाह में 400 रुपये प्रति महीने की कटौती की गई है, जो इस वर्ष जनवरी से प्रभावी है।
चिंता से आधा होगा विज्ञापन उद्योग
वित्तीय नरमी के कारण विज्ञापन उद्योग के इस साल 9.0 फीसदी की वृध्दि दर दर्ज करने की उम्मीद है जबकि पिछले साल इस उद्योग ने 18 फीसदी की वृध्दि दर दर्ज की थी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, 21,000 करोड़ रुपये का यह उद्योग मुख्यत: म्युचुअल फंड और रियल एस्टेट कंपनियों के कारण मुश्किल में आएगा, जो विज्ञापन पर होने वाले खर्च पर लगाम लगा रहे हैं।
हालांकि एफएमसीजी क्षेत्र में इस उद्योग की वृध्दि एकल अंकों में रहेगी। साथ ही मनोरंजन और दूरसंचार क्षेत्र में इस उद्योग का कारोबार जारी रहेगा।
महिन्द्रा हॉलिडे के विस्तार की हुई छुट्टी
महिन्द्रा हॉलिडे ब्रांड का परिचालन करने वाली कंपनी महिन्द्रा हॉलिडे एंड रिजॉर्ट्स ने मौजूदा आर्थिक मंदी के कारण विदेशों में अपनी विस्तार योजना को स्थगित कर दिया है। कंपनी से संबंधित एक सूत्र ने कहा कि वर्तमान आर्थिक मंदी के कारण कंपनी ने भारत से बाहर की अपनी विस्तार योजना को फिलहाल स्थगित कर दिया है।
पिछले साल कंपनी ने दक्षिण अफ्रीका खाड़ी देशों और चीन में अपना बाजार विस्तार की घोषणा की थी। महिन्द्रा एंड महिन्द्रा के बोर्ड सदस्य अरुण नंदा ने इस सप्ताह हुए केपीएमजी के सम्मेलन के दौरान कहा कि कंपनी ने देश के बाहर अपनी दुकानें खोलने की योजना को फिलहाल छोड़ दिया है।
दम तोड़ सकती है बांबे डाइंग की योजनाएं
प्रमुख टेक्सटाइल कंपनी बांबे डाइंग वर्तमान आर्थिक मंदी से निबटने के लिए अपनी योजनाओं पर पुनर्विचार कर रही है। बांबे डाइंग के उप प्रबंध निदेशक नेस वाडिया ने कहा कि बाजार के मौजूदा हालात को देखते हुए कंपनी अपनी योजनाओं पर दोबारा विचार कर रही है।
इसके साथ ही कंपनी ने लागत में कटौती के संबंध में कदम उठाए हैं और अन्य विकल्पों को भी तलाश रही है। आर्थिक मंदी के दौरान टेक्सटाइल उद्योग संकट से गुजर रहा है और इसके निर्यात में भी गिरावट दर्ज की गई है। वाडिया ने कहा कि कंपनी के रिटेल व्ययसाय में मंदी का असर नहीं हुआ है।

First Published : February 23, 2009 | 12:05 AM IST