मंदी का असर मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र पर भी जबरदस्त तरीके से दिखाई देने लगा है। इसी वजह से तो अनिल अंबानी की रिलायंस एंटरटेनमेंट ने इस क्षेत्र में उतरने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
सूत्रों की मानें तो कंपनी एक ऐसे वक्त में बाजार में कई चैनलों के साथ नहीं उतरना चाहती है, जब मीडिया की कमाई तेजी से कम होने लगी है।
सूत्रों का कहना है कि, ‘पहले कंपनी ने रिलायंस बिग टीवी इंटरटेनमेंट और रिलायंस बिग टीवी न्यूज के तहत 20 चैनलों को लॉन्च करने की योजना बनाई थी। कंपनी ने अगस्त, 2008 तक एक हिंदी मनोरंजन चैनल और क्षेत्रीय भाषा के तीन मूवी चैनलों को लॉन्च करने योजना बनाई थी। लेकिन बात, वार्ता के स्तर से आगे बढ़ ही नहीं पाई क्योंकि वित्तीय महौल निवेश के लिए ठीक नहीं था।’
कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि अनिल अंबानी समूह की इस क्षेत्र में निवेश करने की योजना को खत्म नहीं, बल्कि सिर्फ कुछ समय के लिए टाला है। उसके मुताबिक कंपनी अब भी यहां निवेश करने के लिए उत्सुक है।
उसका कहना है कि, ‘हमारी योजना में किसी तरह का बदलाव नहीं आया है। बस यह थोड़ा मुश्किल वक्त है, तो हमने इसे कुछ समय के बाद लॉन्च करने का फैसला किया है। फिलहाल हम बाजार का विश्लेषण और अध्ययन कर रहे हैं।’
साथ ही, उसने यह भी बताया कि कंपनी बीमार पड़ी किसी ब्रॉडकास्टिंग कंपनी को भी खरीद सकती है, क्योंकि आज ज्यादातर ब्रॉडकास्टर भारी संकट का सामना कर रहे हैं।
फिक्की और केपीएमजी की ताजा रिपोर्ट की मानें तो मंदी और विज्ञापनों से होने वाली कमाई के तेजी से नीचे आने की वजह से पिछले तिमाही में ब्रॉडकास्टरों की कमाई भी काफी कम हो चुकी है।
रिपोर्ट के मुताबिक विज्ञापनों से होने वाली पर काफी हद निर्भर रहने वाली कैटेगरियों जैसे टीवी, प्रिंट, रेडियो और ऑउटडोर पर मंदी की मार काफी तेज पड़ी है। इसका कहना है कि इस साल भींमीडिया क्षेत्र को कोई राहत नहीं मिलने वाली।
कुछ समय पहले तक यह कहा जा रहा था कि रिलायंस एंटरटेनमेंट की न्यूज ब्रॉडकास्टिंग कंपनी चार खबरिया चैनलों को लॉन्च करने जा रही है। इसमें से दो आम खबरों के लिए होंगे, जबकि दो कारोबारी खबरों के लिए।
इस दोनों सेगमेंट में एक चैनल हिंदी का होगा, जबकि दूसरा अंग्रेजी का। दूसरी तरफ, रिलायंस एंटरटेनमेंट की आम मनोरंजन कंपनी, कई म्यूजिक और मूवी चैनल और पांच आम मनोरंजन चैनल होंगे।
साथ ही, इस कंपनी की योजना बच्चों और महिलाओं के लिए अगल-अलग चैनलों को भी लॉन्च करने की थी। करोड़पति निवेशक जॉर्ज सॉरोस ने पिछले हासिल रिलायंस एंटरटेनमेंट में तीन फीसदी की हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 395 करोड़ रुपये चुकाए थे।
इस हिसाब से कंपनी की कुल कीमत 13,035 करोड़ रुपये लगाई गई थी। वैसे, रिलायंस एडीएजी के पास अपनी कंपनियों के जरिये कई मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनियों की हिस्सेदारी है।
रिलायंस एटरटेनमेंट ने पिछले साल करीब आठ वेबसाइटों को भी लॉन्च करने की योजना बनाई थी। इसमें एक नौकरी के लिए होता, जबकि दूसरा क्लासिफाइड के लिए। सूत्रों के मुतबिक कंपनी ने इस योजना को भी मंदी की वजह से ठंडे बस्ते में डाल दिया।