आरकॉम की जीएसएम मुंबई में

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 5:36 PM IST

अनिल अंबानी धीरूभाई समूह की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस ने दूरसंचार उद्योग में एक और कामयाबी हासिल कर ली है।


कंपनी ने मुंबई में जीएसएम सेवाओं की शुरुआत कर दी है। इसके साथ ही आरकॉम देश में जीएसएम सेवा शुरू करने वाली निजी क्षेत्र की पहली सीडीएमए कंपनी बन गई है। कंपनी ने हाल में ही देश भर के 11,000 शहरों में जीएसएम सेवाओं की शुरुआत की है।

तेजी से बढ़ रहे जीएसएम बाजार में अपने ग्राहकों की संख्या बढ़ाने के लिए कंपनी काफी कम दामों पर यह सेवा मुहैया कराने की योजना बना रही है।

मुंबई में कंपनी ने 25 रुपये का प्लान पेश किया है। इस प्लान के तहत जीएसएम सिम समेत एक बार का सब्सक्रिप्शन शुल्क भी शामिल है। कंपनी ने अगले तीन महीनों के लिए 900 रुपये मूल्य के मुफ्त टॉक- टाइम की पेशकश की है।

कंपनी के प्रमुख (पश्चिमी क्षेत्र) दिनेश गुलाटी ने कहा, ‘नए उपभोक्ताओं को पहले 90 दिनों के लिए हर दिन 10 रुपये का टॉक-टाइम मिलेगा। साथ ही वे एक रुपये प्रति मिनट में लोकल कॉल और डेढ़ रुपये प्रति मिनट में एसटीडी कॉल की सुविधा ले सकेंगे।’

अनिल अंबानी ने बताया, ‘साल 1993 में रिलायंस ने भारत में दूरसंचार क्षेत्र का चेहरा बदल दिया। कंपनी अब भी देश भर में जीएसएम सेवाएं लॉन्च कर फिर से इतिहास दोहराने की तैयारी में है।’

कंपनी के नए जीएसएम ग्राहक मुफ्त टॉक-टाइम के अलावा रिलायंस नेटवर्क (जीएसएम  और सीडीएमए दोनों) पर मुंबई, महाराष्ट्र और गोवा मॅ रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक मुफ्त में बातचीत कर सकेंगे।

गुलाटी ने कहा कि जीएसएम कार्ड छह महीने की वैलिडिटी के साथ महज 25 रुपये में उपलब्ध होगा। कंपनी ने यह योजना मोबाइल पर 300 रुपये तक खर्च करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाई है।

उन्होंने कहा कि कंपनी अन्य प्री-पेड शुल्क योजनाओं पर काम कर रही है। आरकॉम देश में जीएसएम और सीडीएमए मोबाइल सेवाएं उपलब्ध कराने वाली पहली कंपनी बन गई है।

First Published : January 4, 2009 | 11:39 PM IST