मेडिकल उपकरण बनाने वाली अंतररराष्ट्रीय कंपनी फि लिप्स बिक्री बढ़ाने के लिए नई वित्तीय योजना लाने की तैयारी कर रही है।
कंपनी का कहना है कि इससे भारतीय हेल्थकेयर उद्योग को मंदी से निपटने में आसानी होगी। देश में 24,000 से भी ज्यादा मशीन बेचने वाली कंपनी ने डीलरों से ग्राहकों को प्रत्येक इस्तेमाल के हिसाब से भुगतान लेने के लिए कहा है।
इसके जरिए कंपनी डीलरों को रकम की कमी से उबारने की कोशिश कर रही है।
फिलिप्स हेल्थकेयर इंडिया के कारोबारी प्रमुख अंजन बोस ने कहा, ‘अगर कोई अस्पताल हमारे उपकरण लगाना चाहता है, लेकिन उसके पास रकम नहीं है। तो हम उनसे प्रत्येक इस्तेमाल के हिसाब से भुगतान ले सकते हैं।’
उन्होंने बताया, ‘हमने हाल ही में अपने वितरकों को वित्त मुहैया कराने के लिए एक योजना बनाई है। देश भर में हमारे कुल 50 वितरक हैं। कुछ समय पहले दो कंपनियों हेल्थकेयर कंपनियों का अधिग्रहण करने के बाद हमारे वितरकों की संख्या में 30 वितरक और जुड़ गए हैं।’
फिलिप्स देश भर में डायग्नोस्टिक इमेजिंग, पेशेंट मॉनिटरिंग और क्रिटिकल केयर श्रेणी के उपकरणों के बाजार में अग्रणी कंपनी है। कंपनी ने हाल में ही मीडियाट्रॉनिक्स और अल्फा नाम से दो हेल्थकेयर कंपनियां खरीदी थी।
इन अधिग्रहणों के जरिए कंपनी इमेजिंग के उपकरण बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की उम्मीद है।