कमोडिटी की कीमतों में गिरावट के बावजूद 950 करोड़ रुपये की एफएमसीजी कंपनी पारले एग्रो अपने उत्पाद फू्रटी और एप्पी की कीमतें बढ़ाने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि कंपनी की ओर से इन उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी करीब एक दशक बाद की गई है। पारले की ओर से फ्रूटी और एप्पी (200 मिली) की कीमतों में 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब ये ड्रिंक्स 10 रुपये की बजाय 12 रुपये में मिलेगी।
कंपनी का कहना है कि इस कदम से मार्जिन में इजाफा होगा। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि कच्चे माल की कीमतों में गिरावट के बावजूद कंपनी के मार्जिन पर दबाव बना हुआ है। उत्पादन और पैकेजिंग की लागत साल-दर-साल बढ़ रही है।
ऐसे में कंपनी के पास उत्पाद की कीमतों में इजाफा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। कंपनी का कहना है कि वह हर वर्ग के उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर अपने उत्पाद को बाजार में उतारती है। कम खर्च करने वाले उपभोक्ताओं के लिए 5 रुपये के पैके में भी फ्रूटी उपलब्ध है।
कंपनी का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी से संभव है कि बिक्री पर असर पड़े, लेकिन यह बहुत कम समय के लिए होगा। भविष्य में उत्पाद की मांग में तेजी आएगी। इसके साथ ही कंपनी फ्रूटी की बिक्री बढ़ाने के लिए मार्केटिंग की खास रणनीति बना रही है।
इस बार गर्मियों में फ्रूटी आकर्षक पैक और बोतल में उपलब्ध होगा। पारले एग्रो के निदेशक नाडिया चौहान ने बताया कि युवा वर्ग के उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर कंपनी फ्रूटी को नए पैक में उतारने की तैयारी कर रही है।