डीएलएफ को रिटेल में उतरने और नई कंपनी बनाने की जरूरत क्यों महसूस हुई?
हमें इस क्षेत्र में विशाल संभावनाएं दिखाई दीं, बशर्ते इसे ठीक से किया जाए। भारतीय उपभोक्ता के दिमाग में यह बात बैठी हुई है कि जो भी अंतरराष्ट्रीय ब्रांड आते हैं, वे अपनी पूरी रेंज नहीं लाते और उनके उत्पाद भी महंगे होते हैं।
कई रिटेलर भारत आए हैं पर उन्होंने अपने छोटे स्टोर ही खोले हैं। इसलिए शायद वे हर मामले में फिट नहीं बैठते। साथ ही भारत में शुल्क भी भारी भरकम है। डीएलएफ ब्रांड के सामने चुनौती यही है कि वह अपने देश के घरेलू बाजार से कम कीमत वाले अंतरराष्ट्रीय ब्रांड लाए।
जब हमने अपने संभावित साझेदारों से बात की और उन्हें अपना कीमत दायरा बताया तो उन्हें हमारी बात समझ आ गई। फिर हमारी कोशिश कीमतों, पूरी रेंज और क्वालिटी के मामले में बढ़त बनाने की है।
आपके पोर्टफोलियो में बोग्गी जैसे कई ब्रांड हैं जो भारत में जाने-पहचाने नहीं हैं। ऐसे अनजान लेबल से उपभोक्ता को आप कैसे जोड़ पाएंगे?
आपको अपने ग्राहक को ठीक से बताना होता है। बोग्गी स्टोर में हमारे पास सुप्रशिक्षित और अनुभवी लोगों की टीम है। जब कोई ग्राहक हमारे स्टोर में आएगा तो यही टीम सही पसंद के लिए उसकी मदद करेगी। हम कारपोरेट इवेंट और वर्कशाप की भी योजना बना रहे हैं जिससे कि पुरुषों को उम्दा पोशाक पहनने का अहसास हो।
बोग्गी में कीमतें भी बहुत बढ़िया हैं। आपको इतालवी ब्रांड का यह सूट अविश्वसनीय कीमतों पर मिल जाएगा। हम अपने साझेदार को यह समझाने में कामयाब रहे हैं कि भारत एक लंबी अवधि का बाजार है और हमारी योजना वास्तव में इसे अच्छी तरह भुनाने की है।
उदाहरण के तौर पर बोग्गी पहले ही केवल भारतीय बाजार के लिए शर्ट्स की एक स्पेशल रेंज पेश कर चुकी है। हम यह मान कर चल रहे हैं कि हमारे पहले दो साल तो ग्राहकों को जागरूक करने में ही जाएंगे।
कंपनी ने गठजोड़ करने के लिए ब्रांडों को किस तरह से चुना?
हमने अपनी जरूरत के हिसाब से इनका चयन किया। जब हमने लक्जरी श्रेणी में अरमानी और फेरागैमो के साथ गठजोड़ किया तब हमें पुरुष परिधान श्रेणी में गठजोड़ करने के बारे में सोचा। हमें इस श्रेणी में काफी संभावनाएं दिखीं।
इस तरह से बोग्गी का चयन किया गया। जब सनग्लासेस बेचने की बात आई तो लक्जोटिका के साथ गठजोड़ किया गया। लक्जोटिका अपनी श्रेणी में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है।
इस लिहाज से भी वह नैगर्सिग पसंद बन जाती है। दरअसल, हमने गुणवत्ता का सबसे ज्यादा ख्याल रखा है और यही बात हमारे साझीदारों ने भी हमसे गठजोड़ करते वक्त अपने जेहन में रखी।
आने वाले वक्त में आप और कौन-कौन सी ब्रांडों को देसी बाजार में लाएंगे?
होम सेगमेंट में सिया होम फैशन पहले से ही हमारे साथ है लेकिन हम जल्द ही दूसरे गठजोड़ की भी घोषणा करेंगे। हम किड्सवियर पर भी ध्यान लगा रहे हैं। अगले साल हम तीन से चार नई ब्रांडों को अपने साथ जोड़ सकते हैं।
जब लोग खर्च करने में कंजूसी बरत रहे हैं तब नए ब्रांड लॉन्च करना कितना सही है?
इस तरह के माहौल में आप अगर चीजों को अलग तरह से करें तो आप फायदे की स्थिति में होते हैं। बोग्गी के लिए हम अगले पांच साल में 30 से 40 स्टोर शुरू करने की योजना बना रहे हैं। इसी दौरान सनग्लासेस के लिए भी 70 से 80 सनग्लासेस हट बनाने की हमारी योजना है।
हमारा बजट फिलहाल लचीला ही है लेकिन हम अवसरों को भुनाने में पीछे नहीं रहेंगे। मैं फिर से अपनी बात दोहराउंगा कि नया काम शुरू करने के लिए यह वक्त बुरा नहीं है।