एमटीवी नेटवर्क की बच्चों के चैनल की कंपनी निक इंडिया कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, ऑनलाइन और मोबाइल प्लेटफार्म जैसे साधनों के जरिए कमाई करने की योजना बना रही है।
निक इंडिया के चैनल पर 4-9 साल के बच्चों के लिए कार्यक्रम बनाए जाते है। निक इंडिया की शुरुआत भारत में 2006 में हुई थी। कंपनी ऑनलाइन विज्ञापनों से होने वाली कमाई बढ़ाने के लिए कंपनी अपने ऑनलाइन यूजर्स की संख्या में भी बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है। इस वेबसाइट पर चैनल से जुड़े उत्पाद भी बेचे जाएंगे।
चैनल की कुल कमाई में से 50 फीसदी कमाई विज्ञापनों और बाकी कमाई केबल सब्सक्रिप्शन के जरिए होती है। फिलहाल कंपनी को बाकी साधनों से ना के बराबर ही कमाई होती है। इसीलिए अब कंपनी मोबाइल और इंटरनेट से होने वाली कमाई को बढ़ाना चाहती है।
निक इंडिया की सहायक निदेशक (मार्केटिंग) कश्मीरा गांधी ने कहा, ‘हम अपनी वेबसाइट को पूरी तरह से नया रूप दे रहे हैं। इसमें बच्चों के लिए खेल, ब्लॉग और दोस्तों का कॉलम भी रहेगा।’ हम मोबाइल के जरिए रिंगटोन, वॉलपेपर और गेम डाउनलोड करने की सुविधा देने के बारे में भी सोच रहे हैं।
गांधी ने बताया, ‘आजकल मोबाइल और इंटरनेट बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। हमारे कार्यक्रम 16 साल के बच्चे भी देखते हैं।’ कंपनी ने दो महीने पहले एयरटेल के साथ गेम्स, वॉलपेपर, रिंगटोन और म्यूजिक डाउनलोड करने के लिए करार किया था। ग्राहकों की संख्या बढ़ाने के लिए निक दूसरी दूरसंचार कंपनियों के साथ भी बातचीत कर रही है।
गांधी ने बताया, ‘हम मार्च 2009 तक तीन नए एनिमेशन शो भी शुरू करने वाली है। जल्द ही इन कार्यक्रमों से जुड़े वॉलपेपर, म्यूजिक मोबाइल पर डाउनलनोड के लिए उपलब्ध हो जाएंगी।’ इस के अलावा कंपनी कंज्यूमर उत्पादों का पोर्टफोलियो भी बढ़ाने की योजना बना रही है।
फिलहाल कंपनी बच्चों के लिए टिफिन बॉक्स, स्कूल बैग्स, स्टेशनरी और खिलौने जैसे उत्पाद बेचती हैं। कंपनी अपने उत्पाद बेचने के लिए फ्यूचर समूह समेत कई रिटेल कंपनियों से बात कर रही है।