ऑनलाइन गेमिंग कंपनी नजारा टेक्नोलॉजिज का शेयर मंगलवार को शेयर बाजार में आगाज के दौरान आईपीओ कीमत के मुकाबले 84 फीसदी तक चढ़ गया। हालांकि इस बढ़त को वह कायम नहीं रख पाया क्योंकि धनाढ्य निवेशकों ने मुनाफावसूली की। इस बिकवाली के कारण शेयर ने डिस्कवर्ड प्राइस 1,990 रुपये के मुकाबले 20 फीसदी की निचली सीमा को छू लिया।
उतारचढ़ाव पर लगाम कसने के लिए एक घंटे के प्री-ओपनिंग सेशन के बाद डिस्कवर्ड प्राइस पर पहुंचा जा सका। किसी शेयर में बढ़त या गिरावट डिस्कवर्ड प्राइस के अधिकतम 20 फीसदी तक हो सकती है। यह शेयर 1,592 रुपये पर बंद हुआ, जो आईपीओ कीमत 1,101 रुपये के मुकाबले 45 फीसदी ज्यादा है। बाजार के प्रतिभागियों ने कहा कि हाल में हुई कमजोर लिस्टिंग के कारण धनाढ्य निवेशक मुनाफावसूली के लिए बाध्य हुए। इन्वेस्टमेंट बैंकर ने कहा, सूचीबद्धता पर नजारा के शेयर के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। डिस्कवर्ड प्राइस ने मजबूत शुरुआत का संकेत दिया। हालिया सूचीबद्धता पर रकम गंवाने के कारण एचएनआई ने मुनाफावसूली की। इसका असर शेयर की कीमतोंं पर पड़ा।