विनिर्माण क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी मॉगलिक्स का मूल्यांकन करीब 1 अरब डॉलर पार पहुंच चुका है। कंपनी ने सीरीज ई फंडिग में 12 करोड़ डॉलर रकम जुटाई है। इस तरह, मॉगलिक्स इस वर्ष एक अरब डॉलर मूल्यांकन हासिल करने वाली 14वीं कंपनी बन गई है। इतना ही नहीं, कंपनी विनिर्माण खंड में यह मुकाम हासिल करने वाली पहली औद्योगिक बी2बी कॉमर्स प्लेटफॉर्म बन चुकी है।
कंपनी ने फाल्कन ऐज कैपिटल और हॉवर्ड मैनेजमेंट कंपनी (एचएमसी) की अगुवाई में यह रकम जुटाई है। रकम जुटाने के इस ताजा चरण में इसके मौजूदा निवेशकों टाइगर ग्लोबल, सिकोया कैपिटल इंडिया और वेंचर हाईवे ने भी शिरकत की है। मॉगलिक्स औद्योगिक एवं एमआरओ (रखरखाव, मरमत एवं परिचालन) खरीद खंड में सर्वाधिक तेजी से बढऩे वाली भारत की सबसे बड़ी बी2बी कॉमर्स प्लेटफॉर्म इकाई है। कंपनी सबसे पहले इस खंड में उतरी थी, जिसका इसे पूरा लाभ मिलता दिख रहा है। अपनी इस उपलब्धि पर मॉगलिक्स के संस्थापक एवं सीईओ राहुल गर्ग ने कहा, ‘संभावनाओं से भरपूर विनिर्माण क्षेत्र में हमने छह वर्ष पहले कदम रखा था। हमें रतन टाटा जैसे कई दिग्गजों का विश्वास प्राप्त था। अब हम अपने विकास के एक नए चरण में पहुंच चुके हैं और हमें लगता है कि 1 अरब डॉलर का मूल्यांकन हासिल कर हमने नवाचार और नई तकनीक में नया आयाम पेश किया है।’