देश के पश्चिमी और दक्षिणी भागों में मैकडॉनल्ड्स रेस्तरां का संचालन करने वाली कंपनी वेस्टलाइफ डेवलपमेंट ने मार्च तिमाही में 10.5 फीसदी सेम स्टोर सेल्स ग्रोथ दर्ज की है। तिमाही के दौरान डाइन-इन (घर में खाना मंगाने) कारोबार में सुधार होने से कंपनी को मदद मिली। कोविड-19 वैश्विक महामारी के मद्देनजर सुविधा चैनल वेस्टलाइफ के लिए एक दमदार प्लेटफॉर्म के तौर पर उभरा है। कंपनी की कुल बिक्री में इसका योगदान करीब 60 फीसदी है और कोविड की दूसरी लहर के बीच इसमें और वृद्धि होने की उम्मीद है। वेस्टलाइफ डेवलपमेंट के वाइस चेयरमैन अमित जटिया ने विवेट सुजन पिंटो से बातचीत में विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। पेश हैं मुख्य अंश:
कोविड-19 की दूसरी लहर के मद्देनजर वित्त वर्ष 2022 को आप किस प्रकार देखते हैं?
मौजूदा समस्याओं से निपटने के लिए हम पहले के मुकाबले बेहतर स्थिति में हैं। कोविड की पहली लहर से हमने काफी कुछ सीखा है और पिछले एक साल के दौरान ग्राहकों का एक वर्ग भी उभरा है। हमने वित्त वर्ष 2022 में दमदार बहीखाते और कोविड की दूसरी लहर के साथ प्रवेश किया है। हम अपने दमदार सुविधा चैनलों के साथ इस दूसरी लहर का मुकाबला कर रहे हैं। कोविड के दौरान फूड ऑर्डरिंग में कमी नहीं देखी गई है। जहां तक दूसरी लहर का सवाल है तो मैं समझता हूं कि अगले तीन से चार महीनों में स्थिति बेहतर होगी। दूसरी लहर के थमने के बाद वृद्धि की राह पर लौटने वाला हम संभवत: पहला ब्रांड होंगे। वित्त वर्ष 2022 के लिए मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं।
रेस्तरां के भविष्य के बारे में आप क्या सोचते हैं?
वैश्विक महामारी के कारण असंगठित से संगठित क्षेत्र की ओर रुख दिखेगा क्योंकि ग्राहक सुरक्षा और स्वच्छता पर अधिक जोर दे रहे हैं। इस लिहाज से हमारे जैसे संगठित कंपनियों के लिए यह एक अच्छा रुझान है। लेकिन सवाल यह है कि स्थिति सामान्य कब होगी? लोग इसका जवाब तलाश रहे हैं। जैसा कि मैंने पहले कहा है कि मेरा मानना है कि दूसरी लहर तीन से चार महीने तक चलेगी। जाहिर तौर पर तीसरी लहर भी दिख सकती है। लंबी अवधि के लिहाज से स्थिति एक या दो साल में सामान्य होगी। हालांकि बाजार को लेकर मैं हमेशा उत्साहित रहूंगा क्योंकि संगठित क्षेत्र में मजबूती बरकरार रहेगी। वैश्विक महामारी के दौरान रेस्तरां से बाहर खपत में वृद्धि हुई है और यह एक अच्छी खबर है। साथ ही मैकडॉनल्ड्स एक सुविधाजनक ब्रांड है। इन सब से वृद्धि को रफ्तार मिलेगी और हम कारोबार में निवेश जारी रखेंगे।
क्या सुविधा चैनल से वास्तव में डाइन-इन बिक्री को रफ्तार मिल रही है? रेस्तरां कंपनियों के बीच इस मुद्दे पर विवाद है। आप क्या कहेंगे?
डाइन-इन रेस्तरां कारोबार का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। जैसा कि मैंने पहले कहा है कि फूड ऑर्डरिंग में कुल मिलाकर कमी नहीं आई है। इसलिए लोग लॉकडाउन संबंधी पाबंदियों के कारण खाना अपने घर पर मंगा रहे हैं। हमारे सुविधा चैनल ने कुल बिक्री में उल्लेखनीय योगदान किया है। साथ ही, हमारे लिए खपत केवल स्टोर के भीतर तक ही सीमित नहीं है। वैश्विक स्तर पर मैकडॉनल्ड्स का 70 फीसदी कारोबार स्टोर से बाहर होता है।
चालू वित्त वर्ष के दौरान नए स्टोर खोलने के बारे में आपकी क्या योजना है?
इस तिमाही (जून तिमाही) में हमारे पास 5 से 6 स्टोर हैं। चूंकि कई जगहों पर फिलहाल लॉकडाउन संबंधी पाबंदियां लगी हैं, इसलिए हम बहुत कुछ नहीं कर सकते हैं। हालांकि हम उम्मीद करते हैं कि इस वित्त वर्ष के अंत तकहम 22 से 30 नए स्टोर खोलेंगे। इनके लिए पूंजीगत खर्च करीब 100 करोड़ रुपये होगी। पिछले साल (वित्त वर्ष 2021) हमने महज 5 नए स्टोर खोले थे।