मैपलट्री लॉजिस्टिक्स ट्रस्ट ने खरीदी लॉजिस्टिक्स फर्म

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 6:30 AM IST

सिंगापुर मेंं सूचीबद्ध मैपलट्री लॉजिस्टिक्स ट्रस्ट (एमएलटी) ने मॉर्गन स्टैनली रियल एस्टेट इन्वेस्टिंग की इकाई से लॉजिस्टिक्स फर्म केएसएच इन्फ्रा की खरीद 455 करोड़ रुपये मेंं की है। केएसएच इन्फ्रा के पास पुणे में वेयरहाउसिंग परिसंपत्तियों का स्वामित्व है।
इस लेनदेन से मैपलट्री लॉजिस्टिक्स ट्रस्ट ने भारत के लॉजिस्टिक्स बाजार में प्रवेश कर लिया है। पुणे में दो वेयरहाउसिंग व इंडस्ट्रियल लॉजिस्टिक्स पाक्र्स का कुल क्षेत्रफल करीब 10 लाख वर्गफुट है और उसे ब्लूचिप मल्टीनैशनल को पट्टे पर दिया गया है।
मॉर्गन स्टैनली रियल एस्टेट इनवेस्टिंग ने साल 2019 में केएसएच इन्फ्रा की बहुलांश हिस्सेदारी करीब 350 करोड़ रुपये में खरीदी थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले साल सिंगापुर की रियल एस्टेट ऐसेट मैनेजर मैपलट्री इन्वेस्टमेंट्स ने चाकण में 12 लाख वर्गफुट वेयरहाउस का एक हिस्सा 5 करोड़ डॉलर में खरीदा।
इस लेनदेन में मॉर्गन स्टैनली रियल एस्टेट इन्वेस्टिंग की इकाई व केएसएच इन्फ्रा के अन्य शेयरधारकों की वित्तीय सलाहकार एवेंडस कैपिटल थी। ई-कॉमर्स आदि की बढ़त को देखते हुए कई वैश्विक फर्म वेयरहाउसिंग के क्षेत्र में बड़ा दांव लगा रही है।
पिछले साल दिसंबर में सिंगापुर की जीआईसी और ईएसआर ने देश में वेयरहाउसिंग परियोजना के लिए 75 करोड़ डॉलर का संयुक्त उद्यम गठित किया। ईएसआर ने हाल में पुणे के पास चाकण में 38 एकड़ क्षेत्र में इंडस्ट्रियल व लॉजिस्टिक्स पाक्र्स विकसित करने की योजना की घोषणा की है।
मॉर्गन स्टैनली रियल एस्टेट इन्वेस्टिंग इंडिया के कार्यकारी निदेशक विनीत सक्सरिया ने कहा, एवेंडस की टीम ने काफी मूल्यवान दिशानिर्देश मुहैया कराया और इस परिसंपत्ति
वर्ग में उनकी गहरी समझ सराहनीय है।
एवेंडस कैपिटल के निदेशक व प्रमुख (इन्फ्रा ऐंड रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट बैंंकिंग) प्रतीक झावर ने कहा, मैपलट्री लॉजिस्टिक्स की तरफ से अधिग्रहण भारत में वैश्विक रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट के पहले प्रत्यक्ष निवेशों में से एक है और यह वेयरहाउसिंग व लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में एवेंडस की बाजार में अग्रणी स्थिति को रेखांकित करता है।

First Published : March 30, 2021 | 11:48 PM IST