कीमत कम, किस्त भी देर से

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 10:06 PM IST

देश की सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डेवलपर कंपनी डीएलएफ जल्द ही अपनी दूसरी गुड़गांव परियोजना ‘एक्सप्रेस ग्रीन्स’ के उपभोक्ताओं के लिए राहत पैकेज की घोषणा कर सकती है।
कुछ ही दिन पहले डीएलएफ ने अपनी आवासीय परियोजना ‘न्यू टाउन हाइट्स’ के ग्राहकों को इसी तरह के राहत पैकेज का एलान किया था। सूत्रों का कहना है कि कंपनी एक्सप्रेस ग्रीन्स परियोजना के लिए ग्राहकों को कीमतों में छूट दे सकती है, साथ ही निर्माण से जुड़े भुगतान में भी राहत दी जा सकती है।
इस बाबत बिजनेस स्टैंडर्ड ने इस परियोजना के तहत मकान खरीदने वाले ग्राहकों से बात की, तो पता चला कि कंपनी ने अपने सदस्यों को यह सूचित किया है कि अगर कोई ग्राहक निर्माण प्रक्रिया शुरू होने से पहले अग्रिम के तौर पर 35 फीसदी रकम का भुगतान करता है, तो निर्माण तक उससे किस्त के जरिये कोई रकम नहीं ली जाएगी।
अगर कंपनी के मूल अनुबंध को देखें, तो उसमें यह कहा गया था कि कंपनी को समय निर्धारित भुगतान चाहिए, अगर निर्माण से जुड़े निर्देशों के दायरे में वे नहीं आते। कंपनी ने हाल में न्यू टाउन हाइट्स परियोजना के ग्राहकों के लिए निर्माण से जुड़ी भुगतान योजना पेश की है। एक्सप्रेस ग्रीन्स परियोजना की शुरुआत अगस्त 2008 में की गई थी।
राष्ट्रीय राजधानी परिक्षेत्र में कंपनी की यह मध्य आय वर्ग के लिए सबसे बड़ी हाउसिंग परियोजनाओं में शुमार है। हालांकि इस परियोजना के लिए ले-आउट और पर्यावरणीय मंजूरी मिलना अभी बाकी है। अपने ग्राहकों के साथ की गई बातचीत में कंपनी ने कहा है कि वे इस परियोजना को तीन साल के अंदर पूरा करेगी।
इसके तहत यह भी कहा गया है कि जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक ग्राहकों से कि स्तों में भुगतान नहीं लिया जाएगा। डीएलएफ की वेबसाइट के मुताबिक एक्सप्रेस ग्रीन्स परियोजना के तहत 1760 वर्ग फुट की तीन बेडरूम फ्लैट और 2125 वर्ग फुट की चार बेडरूम फ्लैटों का निर्माण किया जाएगा।
इनकी कीमत क्रमश: 46 लाख और 69 लाख रुपये तय की गई है। कंपनी ने यह भी कहा है कि वे एक्सप्रेस ग्रीन्स के ग्राहकों को राहत पैकेज देने के मसले पर विचार कर रही है और जल्द ही इस पर कोई न कोई निर्णय लिया जाएगा।

First Published : March 30, 2009 | 8:45 PM IST