किंगफिशर ने शुरू की मुंबई-लंदन उड़ान सेवा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 5:38 PM IST

किंगफिशर एयरलाइंस ने दो श्रेणियों में अपनी पहली दैनिक नॉन-स्टॉप मुंबई-लंदन उड़ान सेवा शुरू की है। यह उड़ान नई एयरबस 330-200 द्वारा शुरू की गई है। 
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि किंगफिशर फर्स्ट की सभी 28 और किंगफिशर क्लास की सभी 169 सीटें भरी हुई थीं। उन्होंने कहा कि फ्लाइट आईटी-007 छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे को अपराह्न 13:50 बजे छोड़ चुकी है। इस फ्लाइट में दिल्ली और मुंबई की शीर्ष पर्यटन कंपनियों के दस कार्यकारी अधिकारी भी शामिल हैं। 
लंदन से वापसी की फ्लाइट आईटी-008, 20:30 बजे उड़ान भरकर अगले दिन सुबह 11:00 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। किंगफिशर ने पिछले साल सितंबर में बेंगलुरु-लंदन रूट पर अपनी उड़ान सेवा शुरू की थी। इसके अलावा कंपनी 12 जनवरी को मुंबई-हांगकांग और 16 जनवरी को मुंबई-सिंगापुर के लिए अपनी उड़ान सेवा शुरू करेगी।
किंगफिशर बेंगलूरू एवं चेन्नई से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के लिए भी 19 जनवरी से उड़ान शुरू करेगी।

First Published : January 5, 2009 | 4:00 PM IST