उदय शंकर संग जेम्स मर्डोक का नया उद्यम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 9:46 AM IST

मीडिया दिग्गज रूपर्ट मर्डोक के बेटे जेम्स मर्डोक और स्टार इंडिया के पूर्व चेयरमैन एवं मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) एवं वॉल्ट डिज्नी एशिया प्रशांत के अध्यक्ष उदय शंकर ने आज एक नए उद्यम बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह उद्यम उभरते बाजारों में प्रौद्योगिकी एवं मीडिया क्षेत्र में मौजूद अवसरों पर ध्यान केंद्रित करेगा। लेकिन उद्योग सूत्रों का कहना है कि नया उद्यम डिजिटल मीडिया पर ध्यान केंद्रित करेगा जिसमें भारत की उल्लेखनीय भूमिका होगी।
मर्डोक 2019 में वॉल्ट डिज्नी से ट्वेंटी फस्र्ट सेंचुरी फॉक्स के अधिग्रहण के बाद शुरू की गई एक निजी होल्डिंग कंपनी लुपा सिस्टम्स के सीईओ हैं। शंकर और मर्डोक का यह उद्यम लुपा सिस्टम्स का हिस्सा होगा। सबसे अहम बात यह है कि यह साझेदारी मर्डोक और शंकर के बीच हो रही है जो स्टार के दो पूर्व सहकर्मी हैं। उन्होंने साथ मिलकर देश की सबसे बड़ी मीडिया कंपनी को खड़ा किया था।
शंकर ने अक्टूबर में घोषणा की थी कि वह अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए वॉल्ट डिज्नी से इस्तीफा दे रहे हैं। उस समय उन्होंने संकेत दिया था कि डिजिटल मीडिया पर उनकी करीबी नजर बनी हुई है। स्टार के ओवर द टॉप प्लेटफॉर्म हॉटस्टार में तेजी हो रही वृद्धि और उसमें अपनी भागीदारी के मद्देनजर डिजिटल मीडिया पर उनकी नजर टिक गई थी।
दूसरी ओर, मर्डोक लुपा सिस्टम्स के जरिये पिछले दो वर्षों से भारत में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने डेलीहंट और हड़प्पा एजुकेशन जैसे स्टार्टअप में निवेश किया है।
मर्डोक ने कहा, ‘भारत और इस क्षेत्र में लगभग दो दशक तक काम करने के बाद उदय के साथ नए सिरे से साझेदारी करते हुए काफी अच्छा लग रहा है। पिछले वर्षों के दौरान हमारी साझेदारी ग्राहकों के लिए काफी फायदेमंद रही है। दक्षिण एशिया और पूरे क्षेत्र में कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है और इससे नवाचार एवं उपभोक्ता क्षेत्र में नए पैदा हो रहे हैं।’

First Published : January 14, 2021 | 10:48 PM IST