देसी सिगरेट उद्योग की अग्रणी कंपनी आईटीसी का शेयर मंगलवार को एनएसई पर 3.5 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ कारोबारी सत्र में 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। कारोबारी सत्र की समाप्ति से पहले हालांकि इसमें मुनाफावसूली देखने को मिली और अंत में यह शेयर 1.2 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। दो दिन में यह शेयर हालांकि 7.5 फीसदी चढ़ चुका है। यह बढ़ोतरी बजट में उम्मीद की जा रही नैशनल कैलामिटी कंटिनजेंट ड््यूटी (एनसीसीडी) में बढ़ोतरी का जिक्र न होने की पृष्ठभूमि में हुई। विश्लेषक उम्मीद कर रहे थे कि वित्त मंत्री सिगरेट पर कर बढ़ाएंगी ताकि कोविड महामारी के कारण वित्त पर पड़े असर से निपटा जा सके।
चूंकि सिगरेट पर उत्पाद शुल्क में कोई बदलाव नहीं हुआ, ऐसे में विश्लेषकों की वॉल्यूम पर दबाव की चिंता कम हुई। आनंद राठी के शोध विश्लेषक मेहुल देसाई ने कहा, उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी न होना सिगरेट कंपनियों के लिए सकारात्मक है। पिछले बजट में एनसीसीडी में तीव्र बढ़ोतरी और महामारी के दौरान हुई बढ़ोतरी से वित्त वर्ष 2021 में वॉल्यूम काफी ज्यादा घटा था। कुल मिलाकर यह कदम कंपनियों के वॉल्यूम के लिहाज से ठीक है।