आईटी

भारत पर Amazon का बड़ा दांव! AI और क्लाउड इंफ्रा में ₹1.23 लाख करोड़ का नया निवेश

अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, भारत में AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर 13 अरब डॉलर के अतिरिक्त निवेश का ऐलान

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- June 25, 2026 | 3:48 PM IST

अमेजन (Amazon) भारत में साल 2030 तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए 13 अरब डॉलर (करीब 1.23 लाख करोड़ रुपया) के अतिरिक्त निवेश करेगी। अमेरिकी कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एंडी जेसी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और अतिरिक्त निवेश की योजना का ऐलान किया। इस ऐलान के साथ 2010 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक हो जाएगा।

एंडी जेसी ने पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान भारत में अमेजन के लॉन्ग टर्म निवेश और विस्तार की रणनीति दोहराई। कंपनी ने घोषणा की कि वह साल 2030 तक AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए 13 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करेगी। इस निवेश के बाद 2026 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल पूंजी निवेश बढ़कर 48 अरब डॉलर हो जाएगा।

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद एंडी जेसी एक्स पोस्ट में लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात बेहद शानदार रही। हमने भारत में अमेजन की भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। हम पिछले एक दशक से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और उद्यमों की सेवा कर रहे हैं, और यह तो हमारी यात्रा की सिर्फ शुरुआत है। मैंने प्रधानमंत्री को बताया कि आने वाले पांच वर्षों में हम भारत में 48 अरब डॉलर का निवेश करेंगे, जिसमें 21 अरब डॉलर से अधिक का निवेश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर किया जाएगा।”

उन्होंने कहा, 2030 तक कंपनी की योजना 38 लाख नौकरियों को सपोर्ट करने, 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने और 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों व 40 लाख सरकारी स्कूल के छात्रों तक AI के फायदे पहुँचाने की है।

डिजिटल और क्लाउड इकोसिस्टम होगा मजबूत

अमेजन ने अपने बयान में कहा कि नया निवेश कंपनी की भारत में डिजिटल और क्लाउड इकोसिस्टम को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। इसके साथ ही 2026 से 2030 के दौरान भारत में AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और विकास के लिए अमेजन का कुल नियोजित निवेश 21 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच जाएगा। कंपनी का कहना है कि इस निवेश के जरिए अमेजन भारत में AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल हो जाएगा।

AWS के डेटा सेंटर्स की बढ़ेगी क्षमता

अमेजन के अनुसार, यह निवेश अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के मुंबई और हैदराबाद स्थित डेटा सेंटरों की क्षमता बढ़ाने में इस्तेमाल किया जाएगा। इसके जरिए स्टार्टअप्स, इंडस्ट्री और सरकारी संगठनों को कस्टम AI चिप्स, मैनेज्ड AI सेवाएं, सुरक्षित और विश्वसनीय क्लाउड तकनीक तथा डेवलपर टूल्स उपलब्ध होंगे, जिससे वे तेजी से नवाचार कर सकेंगे, बड़े स्तर पर विस्तार कर सकेंगे और वैश्विक ग्राहकों को बेहतर सेवाएं दे सकेंगे।

First Published : June 25, 2026 | 3:48 PM IST