आईटी

डेटा सेंटर कारोबार में अदाणी का बड़ा दांव, Meta और Google से बातचीत

100 अरब डॉलर की डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर योजना के तहत AI और क्लाउड सेक्टर में बड़ी हिस्सेदारी बनाने की तैयारी

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- March 26, 2026 | 10:04 AM IST

Adani Data Centers: भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी अपने तेजी से बढ़ते डेटा सेंटर कारोबार के लिए मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक और गूगल समेत अमेरिकी टेक कंपनियों के साथ साझेदारी पर बातचीत कर रहे हैं। इस मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी। ब्लूमबर्ग की ​एक रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि वॉलमार्ट की फ्लिपकार्ट भी अदाणी समूह के साथ बातचीत कर रही है और कंपनी देश के विभिन्न राज्यों में डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए स्थान तलाश रही है।

यह बातचीत अदाणी समूह की 100 अरब डॉलर की डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर योजना का हिस्सा है, जिसके तहत समूह खुद को हाइपरस्केल डेटा सेंटर के लिए जमीन और नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध कराने वाले प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित करना चाहता है। यह संसाधन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड सेवाओं के लिए बेहद अहम हैं।

हालांकि नए डेटा सेंटर के लिए स्थान अभी तय नहीं किए गए हैं और बातचीत शुरुआती चरण में है। फिर भी यह कदम भारत में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।

भारत की बड़ी भौगोलिक क्षमता और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था विदेशी निवेशकों और टेक कंपनियों को आकर्षित कर रही है। डेटा सेंटर बनाने की वैश्विक दौड़ भी तेज हो गई है, हालांकि चीन ने इस क्षेत्र में संभावित अधिक आपूर्ति को लेकर चेतावनी दी है।

2030 तक 8 गीगावॉट हो सकती है क्षमता

केपीएमजी के अनुसार, भारत की डेटा सेंटर क्षमता 2030 तक पांच गुना बढ़कर 8 गीगावॉट से अधिक हो सकती है। इस विस्तार से 30 अरब डॉलर से अधिक का पूंजी निवेश आने की संभावना है।

अदाणीकॉनैक्स प्राइवेट लिमिटेड, जो अदाणी एंटरप्राइजेज और एजकनेक्ट (EdgeConneX) का संयुक्त उद्यम है, ने अक्टूबर में गूगल के साथ साझेदारी की घोषणा की थी। इसके तहत गूगल विशाखापत्तनम में भारत का सबसे बड़ा एआई इंफ्रास्ट्रक्चर हब बनाने के लिए करीब 15 अरब डॉलर का निवेश कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार, मौजूदा बातचीत इन पहले से घोषित निवेशों से आगे की नई योजना का हिस्सा है। अदाणी समूह, मेटा और वॉलमार्ट के प्रतिनिधियों ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया। वहीं गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट ने कहा कि उसके पास इस समय किसी नए निवेश की घोषणा नहीं है।

Adani Data Centers: सेक्टर में बढ़ रही प्रतिस्पर्धा

इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा भी तेज हो रही है। मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी डिजिटल कनेक्शन वेंचर के जरिए विशाखापत्तनम में डेटा सेंटर बनाने के लिए 11 अरब डॉलर का समझौता किया है। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को अपने डेटा सेंटर कारोबार को बढ़ाने के लिए TPG इंक से 1 अरब डॉलर का निवेश मिला है।

वैश्विक कंपनियां भी तेजी से निवेश कर रही हैं। अमेजन 2030 तक भारत में क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर 12.7 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बना रही है, जबकि ओपनएआई भी क्षेत्र में 1 गीगावॉट का डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना बना रही है।

First Published : March 26, 2026 | 10:04 AM IST