कंपनियां

आशीष कुमार दास होंगे Infosys के नए CEO और MD, अगले साल 1 अप्रैल से संभालेंगे पद भार

दास, इंफोसिस के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सलील पारेख (Salil Parekh) का स्थान लेंगे। पारेख का दूसरा कार्यकाल 31 मार्च, 2027 को समाप्त होगा

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 23, 2026 | 7:18 PM IST

देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने आशीष कुमार दास (Ashiss Kumar Dash) को अपना मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की गुरुवार को घोषणा की। वह एक अप्रैल, 2027 को पदभार संभालेंगे। दास, इंफोसिस के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सलील पारेख (Salil Parekh) का स्थान लेंगे। पारेख का दूसरा कार्यकाल 31 मार्च, 2027 को समाप्त होगा। उन्होंने कंपनी का नेतृत्व नौ वर्ष से ज्यादा समय तक किया है।

5 साल के लिए हुई दास की नियुक्ति

कंपनी ने गुरुवार को बयान में कहा कि इंफोसिस के निदेशक मंडल की नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर दास की नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए की गई है। हालांकि, यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी। फिलहाल दास मल्टीपल इंडस्ट्री वर्टिकल वाले डायवर्स बिजनेस पोर्टफोलियो के ग्लोबल हेड हैं।

Also Read: इंफोसिस Q1 नतीजे: मुनाफा 12.2% बढ़कर ₹7,769 करोड़; राजस्व में 14% इजाफा

30 साल से ज्यादा का अनुभव

बयान के अनुसार, ”इंफोसिस में तीन दशक से ज्यादा समय बिताने वाले दास ने ग्लोबल ऑपरेशन से जुड़े कई सीनियर लीडरशिप पदों पर काम किया है…” कंपनी ने कहा, ” उन्होंने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया, ग्राहकों को जटिल कारोबारी एवं प्रौद्योगिकी बदलाव के दौर में मार्गदर्शन दिया तथा वैश्विक स्तर पर उच्च प्रदर्शन करने वाले दलों का निर्माण किया है।”

AI दौर में दास संभालेंगे कमान

कंपनी ने कहा, निदेशक मंडल का मानना है कि रणनीतिक एवं व्यावसायिक समझ के साथ प्रौद्योगिकी में उनका अनुभव उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित बदलाव के अगले चरण में इंफोसिस का नेतृत्व करने और कंपनी की लंबे समय की ताकतों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर बनाता है।

अगला CEO कंपनी के भीतर से चुना गया

इंफोसिस के चेयरमैन नंदन नीलेकणि ने कहा कि उद्योग एक बड़े बदलाव के दौर में प्रवेश कर रहा है। नीलेकणि ने कहा, ”निदेशक मंडल का मानना था कि हमारे अगले सीईओ में साहसिक बदलाव का नेतृत्व करने की क्षमता के साथ-साथ उन मूल्यों एवं ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखने का विवेक भी होना चाहिए, जिन्होंने हमेशा इंफोसिस को अलग पहचान दी है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारा अगला सीईओ कंपनी के भीतर से चुना गया है।”

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : July 23, 2026 | 5:48 PM IST