पेप्सीको इंडिया इन्फ्रास्ट्रक्चर, शोध और विकास, ब्रांड सपोर्ट और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में भारी निवेश कर रही है।
पेप्सीको इंडिया की हालिया रणनीति के बारे में सुवि डोगरा ने कंपनी की कार्यकारी निदेशक (मार्केटिंग) पुनीता लाल से विस्तार से बात की। प्रमुख अंश-
7 अप के तहत नया नींबू पानी ब्रांड ‘नींबू’ क्यों लॉन्च किया है, जबकि 7 अप एक कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक है?
हमने नींबू को 7 अप के साथ लॉन्च कर एक प्रयोग किया है। इसके जरिये जहां एक ओर ब्रांड का बाजार बढ़ाने की कोशिश है, वही ग्राहकों के लिए नींबू पेय श्रेणी में अधिक विकल्प देने का भी लक्ष्य है।
आप 7 अप को सिर्फ कार्बोनेटेड ड्रिंक नहीं कह सकते, क्योंकि इसमें नॉन फिज्ज, रियल लेमन जूस ड्रिंक को भी शामिल किया गया है। ग्राहक की इच्छा नींबू ड्रिंक पीने की होगी, जो उसके पास 7 अप और नींबू का विकल्प होगा।
क्या पेप्सीको अब गैर-कार्बोनेटेड ड्रिंक पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर रही है?
गैर कार्बोनेटेड ड्रिंक में अवसर काफी अधिक हैं, इसलिए हम अपने प्रमुख ब्रांडों के जरिये इसमें निवेश कर रहे हैं। जब हमारा प्रमुख उत्पाद विकास करेगा, तो उसके साथ सह उत्पाद भी बिकेंगे और हमारी शोध और विकास में अधिक निवेश की संभावना बनेगी। कुछ श्रेणी ने शुरूआती वर्षों में अच्छा कारोबार नहीं किया।
हमारी गैर कार्बोनेटेड ड्रिंक और कार्बोनेटेड ड्रिंक का अनुपात 10:90 का है। यह एक बहुत बड़ा परिवर्तन है। आगे भी गैर कार्बोनेटेड ड्रिंक प्रोफाइल को बढ़ाते रहेंगे।
महंगाई के मोर्चे पर वर्ष 2008 काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। क्या ऐसे में उत्पादों की कीमतों पर भी असर पड़ेगा?
मौजूदा आर्थिक संकट के दौर में, जब ग्राहकों की जेबें तंग है, ऐसे में हमारी कोशिश रहेगी कि कीमतों को स्थिर रखा जाए। हमारे पीईटी बोतल की कीमत अभी भी 20 रुपये है, हालांकि इसे इस कीमत पर बरकरार रखने में कंपनी को थोड़ा बहुत दबाव झेलना पड़ रहा है। हालांकि हमारी यह कोशिश कभी न कभी लाभ में तब्दील होगी।
आईपीएल सीजन शुरू होने वाला है, पेप्सीको इसका फायदा कैसे उठाएगी?
पेप्सीको के पास क्रिकेट के साथ मार्केटिंग करने की क्षमता है। हमलोग इसी तरह की मार्केटिंग अपने पेप्सी या 7 अप ब्रांड को शामिल कर इस सीजन में करेंगे। आईपीएल ग्राहकों को आकर्षित करने के लिहाज से एक अच्छा अवसर है। हमलोग इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए हैं।