गूगल प्ले द्वारा कमीशन घटाने से उद्योग नाखुश

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 6:56 AM IST

गूगल प्ले ने इन-ऐप खरीदारी के लिए वार्षिक राजस्व 10 लाख डॉलर से अधिक होने पर डेवलपरों के लिए अपने कमीशन को कम कर दिया है। इससे भारतीय उद्योग जगत में नाराजगी दिख रही है। उद्योग का कहना है कि गूगल अपने एंड्रॉयड सिस्टम के कारण बाजार में वर्चस्व की स्थिति का दुरुपयोग कर रही है और डेवलपरों को अधिक भुगतान करने के लिए मजबूर कर रही है।
गूगल प्ले ने मंगलवार को कहा कि 1 जुलाई से वह वैश्विक स्तर पर उन डेवलपरों के लिए अपने 30 फीसदी बिलिंग शुल्क को घटकार 15 फीसदी कर देगी जो 10 लाख डॉलर के वार्षिक राजस्व आंकड़े को पार कर चुके हैं।
पेटीएम के संस्थापक एवं सीईओ विजय शेखर शर्मा ने एक ट्वीट में कहा, ‘जब हमें उस भुगतान प्रणाली का उपयोग करने के लिए मजबूर किया जाएगा जहां प्रति भुगतान 15 से 30 फीसदी शुल्क वसूला जाता है तो उसे कोई भी स्वीकार नहीं करेगा। डिजिटल इंडिया के सपने को इस प्रकार के एकाधिकार से पूरा नहीं किया जा सकता है।’ पिछले साल ऐपल ने कहा था कि वह अपने ऐप स्टोर स्मॉल बिजनेस प्रोग्राम के तहत ऐप स्टोर डेवलपर शुल्क को 1 जनवरी 2021 से करीब आधा घटाकर 15 फीसदी कर देगी।
डेटिंग ऐप ट्रूलीमैडली के सह-संस्थापक एवं सीईओ स्नेहिल खानोर ने कहा, ‘यह बिल्कुल वैसा ही है जैसा हाल में ऐपल ने किया था। ऐपल ने कहा था कि वह 98 फीसदी डेवलपरों के लिए कमीशन को घटाएगी लेकिन ऐप स्टोर के कुल राजस्व में 98 फीसदी डेवलपरों का योगदान महज 5 फीसदी है। यदि कमीशन को घटाकर सभी के लिए 15 फीसदी कर दिया जाता है तो भी वह काफी अधिक है। यह महज अधिक कमीशन का मामला नहीं है बल्कि ऐप डेवलपरों को उन अन्य भुगतान गेटवे से हटाने के लिए मजबूर करता है जो 1 से 2 फीसदी कमीशन लेते हैं।’

वोडा-आइडिया ने जोड़े ग्राहक
जनवरी में वोडाफोन आइडिया ने 17 लाख ग्राहक जोड़े और इस तरह से करीब 15 महीने बाद कंपनी पहली बार ग्राहकों को जोडऩे में कामयाब रही। दूरसंचार नियामक ट्राई के आंकड़ों के मुताबिक, रिलायंस जियो के वायरलेस ग्राहकों का आधार 41.07 करोड़ रहा जबकि एयरटेल का 34.46 करोड़ और वोडाफोन आइडिया का 28.6 करोड़।
भारती एयरेटल के सबसे ज्यादा ऐक्टिव यूजर्स रहे और इसकी संख्या 33.58 करोड़ यानी कुल का 97.44 फीसदी रही। रिलायंस जियो के 79.01 ग्राहक ऐक्टिव रहे। यह आंकड़ा जनवरी 2021 के आखिर का है। वोडा-आइडिया का ग्राहक आधार 25.63 करोड़ रहा, जो कुल का 89.63 फीसदी है। कुल वायरलेस ग्राहकों की संख्या दिसंबर 2020 के आखिर के 115.37 करोड़ के मुकाबले जनवरी 2021 में 116.34 करोड़ रही।
रिलायंस जियो पहले स्थान पर काबिज रही और उसके वायरलेस ग्राहकों की संख्या 41.07 करोड़ रही, जिसके बाद भारती एयरटेल 34.46 करोड़ और वोडा-आइडिया 28.6 करोड़ का स्थान रहा।  बीएस

First Published : March 17, 2021 | 11:47 PM IST