भारत की पहली निजी अर्थ इमेजिंग कंपनी पिक्सल ने 50 लाख डॉलर की पूंजी जुटाई है। बेंगलूरु की इस कंपनी का पहला सैटेलाइट रूसी सोयुज रॉकेट पर इस साल के अंत में शुरू किए जाने की संभावना है। कंपनी इस रकम का इस्तेमाल टीम का विस्तार करने, प्रौद्योगिकी को मजबूत बनाने और अपने तारामंडल की तैनामी की दिशा में चल रहे कार्य में तेजी लाने पर करेगी। कंपनी ने अपने वैश्विक तारामंडल के लिए दिसंबर 2022 तक 30 सैटेलाइट तैनात करने की योजना बनाई है।
कोष उगाही राउंड में ब्लूम वेंचर्स और गोएक्स वेंचर्स तथा लाइटस्पीड इंडिया ने हिस्सा लिया। इसमें इन्वेंटस कैपिटल इंडिया और अन्य प्रमुख निवेशकों (स्टैनफर्ड ऐंजल्स और रेयान जॉनसन समेत) का योगदान भी शामिल है। रेयान जॉनसन पूर्व में कनाडाई अर्थ-इमेजिंग कंपनी ब्लैकब्रिज के संस्थापक एवं सीईओ और प्लेनेट लैब्स के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। अब वे पिक्सल के निदेशक मंडल में
शामिल होंगे।पिक्सल के मुख्य कार्याधिकारी अवैस अहमद ने कहा, ‘स्पेस टेक्नोलॉजी यानी अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में धरती पर जिंदगी को बेहतर बनाने की आश्चर्यजनक संभावनाएं हैं। हमारे सैटेलाइट अंतरिक्ष के लाभ मुहैया कराएंगे और इससे हमें विशिष्ट डेटासेट के जरिये नए तरह की जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी। हम इसे लेकर बेहद खुश हैं कि कई उच्च गुणवत्ता वाले निवेशकों ने हमारी इस लंबी यात्रा में भागीदार बनने का निर्णय लिया है और धरती पर जिंदगी को बेहतर बनाने के हमारे विजन और प्रौद्योगिकी की क्षमता को स्वीकार किया है।’ इससे पहले पिक्सल ने जून 2019 में टेकस्टार्स और ग्रोएक्स वेंचर्स से 700,000 डॉलर की रकम जुटाई थी।