होटल एलबीडब्ल्यू, एयरलाइंस सुपरहिट

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 9:25 PM IST

मंदी में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की गुगली ट्रैवल और होटल कारोबार को चित कर सकती है।
इस ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट का आयोजन भारत के बजाय दक्षिण अफ्रीका में कराए जाने से देसी ट्रैवल कंपनियों और होटल कारोबार को 50-55 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। लेकिन विदेश तक हवाई सफर कराने वाली विमानन कंपनियों के वारे न्यारे होने के आसार हैं।
होटल उद्योग के सूत्रों के मुताबिक आईपीएल के पहले सत्र में 8 फ्रैंचाइजी टीमों, अधिकारियों और प्रायोजकों के लिए लगभग 10,000 लोगों के लिए कमरों की जरूरत पड़ी थी। अप्रैल से जून 2008 के बीच 45 दिन के इस टूर्नामेंट के दौरान इससे होटलों को करीब 42 से 45 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी।
इसके अलावा टीमों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में आधिकारिक एयरलाइन किंगफिशर एयरलाइंस ने 1,000 से भी ज्यादा टिकट बेचे थे। उनके अलावा बड़ी तादाद में अधिकारी, कंपनी कर्मचारी और प्रशंसकों ने भी देश भर में आईपीएल मैच देखने के लिए हवाई सफर किया था। इससे कंपनी को 2 से 4 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। इसी तरह निजी सुरक्षा एजेंसियों ने भी इस दौरान 4 करोड़ रुपये कमाए थे।
सरोवर होटल्स के कार्यकारी निदेशक अजय के बकाया ने आईपीएल को दक्षिण अफ्रीका ले जाए जाने पर कहा, ‘इन मैचों की वजह से टीम, अधिकारियों और तमाम लोगों के अलावा बड़ी तादाद में प्रशंसक भी आते हैं, जिन्हें ठहरने के लिए कमरों की जरूरत होती है। इस बार होटल कारोबार को यह फायदा नहीं मिल पाएगा।’
दक्षिण अफ्रीका में टूर्नामेंट होने पर वहां भारत के मुकाबले तीन गुना कमरों की जरूरत होगी। इसके अलावा विमानन उद्योग को उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका के लिए कम से कम 10,000 टिकटों की मांग होगी। विमानन कंपनियां इसका फायदा उठाने में जुट गई हैं।
इसकी वजह से साउथ अफ्रीकन एयरवेज, लुफ्थांसा, ब्रिटिश एयरवेज, एमिरेट्स और एतिहाद जैसी कंपनियों को इससे कारोबार का जबरदस्त मौका दिख रहा है। साउथ अफ्रीकन एयरवेज के एक अधिकारी ने कहा, ‘हमें अपने अधिकारियों के साथ बैठकर खास किराये तय करने होंगे। लेकिन किराये कम भी हो सकते हैं और ज्यादा भी।’ इस कंपनी की हफ्ते में 4 सीधी उड़ानें दक्षिण अफ्रीका के लिए जाती हैं और हरेक उड़ान में औसतन 8 घंटे लगते हैं।
लुफ्थांसा भी तैयार हो गई है। कंपनी के एक अधिकारी ने कहा, ‘फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के लिए हमारा किराया तकरीबन 50,000 रुपये है, लेकिन हम जल्द ही खास पेशकश वाले किराये ले आएंगे।’
होटलों को पिछले आईपीएल से हुई 45 करोड़ रुपये की कमाई
इस बार होने जा रहा है तगड़ा नुकसान
दक्षिण अफ्रीका ले जाने वाली एयरलाइंस ने कस ली कमर

First Published : March 26, 2009 | 1:08 PM IST