दोपहिया वाहन बाजार में बड़ी हिस्सेदारी हासिल करने के मकसद से जापानी बाइक निर्माता कंपनी होंडा अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नए मॉडल पेश करने के लिए अगले तीन साल में 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
ऑटो बाजार में आर्थिक मंदी के बावजूद कंपनी ने हाईऐंड सेगमेंट में दो सुपर बाइक- सीबी 1000 आर और सीबीआर 1000 आआर भारतीय बाजार में पेश की। इसकी कीमत 9.5 लाख रुपये से 12.5 लाख रुपये के बीच है। इसके अलावा, कंपनी एक साल के भीतर 100 सीसी की मोटरसाइकिल पेश करेगी।
होंडा मोटरसाइकिल ऐंड स्कूटर इंडिया के अध्यक्ष और मुख्य कार्याधिकारी शिंजी आओयामा ने कहा कि भारतीय बाजार में अपनी पैठ बनाने के लिए होंडा भारी निवेश करेगी।
इसके साथ ही कंपनी नए उत्पादों को बाजार में उतारने और क्षमता विस्तार के लिए अगले तीन साल में 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने अब तक 900 करोड़ रुपये का निवेश किया है।