एचसीएल का दमदार प्रदर्शन

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 14, 2022 | 10:30 PM IST

प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजिज ने डिजिटल बदलाव एवं क्लाउड कारोबार में तेजी के बल पर चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में दमदार वित्तीय प्रदर्शन किया है। कंपनी ने अपने सभी कर्मचारियों के लिए दो चरणों में वेतन वृद्धि की भी घोषणा की है।
वित्त वर्ष 2021 की दूसरी तिमाही में कंपनी ने 3,142 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया जो एक साल पहले की समान तिमाही के मुकाबले 18.5 फीसदी और इससे पिछली तिमाही के मुकाबले 7.4 फीसदी अधिक है। तिमाही के दौरान कंपनी का राजस्व 4.2 फीसदी बढ़कर 18,594 करोड़ रुपये हो गया जबकि क्रमिक आधार पर इसमें 6.1 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन मार्जिन 110 आधार अंकों के सुधार के साथ 21.6 फीसदी हो गया जो पिछली 22 तिमाहियों का उच्च स्तर है।
कर्मचारी लागत में कटौती और लागत घटाने के उपायों के कारण दूसरी तिमाही में लगभग सभी आईटी कंपनियों के मार्जिन में तेजी दर्ज की गई। टाटा कंसल्टैंसी सर्विसेज 26.2 फीसदी मार्जिन के साथ शीर्ष चार आईटी कंपनियों में सबसे आगे है। तिमाही के दौरान डॉलर में कंपनी का राजस्व स्थिर मुद्रा के आधार पर पिछली तिमाही के मुकाबले 4.5 फीसदी बढ़कर 250.7 करोड़ डॉलर हो गया। पिछले महीने कंपनी की ओर से जारी 3.5 फीसदी के अनुमान से यह कहीं अधिक है। टीसीएस के राजस्व में तिमाही के दौरान 4.8 फीसदी की वृद्धि हुई जबकि इन्फोसिस के मामले में यह आंकड़ा 4 फीसदी रहा।
एचसीएल टेक्नोलॉजिज के सीईओ सी विजयकुमार ने कहा, ‘डिजिटल बदलाव एवं क्लाउड कारोबार में लगातार अग्रणी रहने  और उत्पाद एवं प्लेटफॉर्म श्रेणी में मजबूती के कारण वृद्धि को रफ्तार मिली।’ उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ वर्षों के दौरान अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकी में किए गए हमारे निवेश से इस कठिन दौर में काफी मदद मिली और उससे हम बाजार उभरते बाजार के अवसरों को भुनाने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।’ कंपनी ने वित्त वर्ष 2021 के लिए अपने राजस्व अनुमान को बरकरार रखते हुए वित्त वर्ष की शेष अवधि के लिए 1.2 से 2.5 फीसदी की वृद्धि का अनुमान जाहिर किया है। जबकि कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के दौनान परिचालन मार्जिन को 20 से 21 फीसदी के दायरे में रहने का अनुमान जाहिर किया है। तिमाही के दौरान 15 परिवर्तनकारी नए सौदे हासिल हुए। ये सौदे लाइफ साइंस एवं स्वास्थ्य सेवा, ऊर्जा एवं यूटिलिटी और विनिर्माण क्षेत्र से हैं। कंपनी के बोर्ड ने 4 रुपये प्रति शेयर अंतरिम लाभांश को घटाने की भी घोषणा की है और भुगतान के लिए रिकॉर्ड तिथि 24 अक्टूबर रखी गई है। तिमाही के दौरान कर्मचारियों की आवाजाही की दर 240 आधार अंक घटकर 12.2 फीसदी रह गई। कर्मचारियों की कुल संख्या 2,798 बढ़कर 1,53,085 हो गई। प्रबंधन ने दो चरणों में कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने की भी घोषणा की है जो अक्टूबर से प्रभावी होगी।

First Published : October 17, 2020 | 12:52 AM IST