एचसीएल टेक्नोलॉजिज 10 अरब डॉलर के राजस्व आंकड़े को पार करने के चलते आज दुनिया भर के कर्मचारियों को एकमुश्त विशेष बोनस देने की घोषणा की है। फरवरी 2021 में कर्मचारियों को विशेष बोनस का भुगतान किया जाएगा और यह राशि 9 करोड़ डॉलर (लगभग 650 करोड़ रुपये) होगी। इसमें 60-70 लाख डॉलर की राशि के कुछ देशों में लागू पेरोल कर भी शामिल होंगे।
कंपनी में एक वर्ष या उससे अधिक समय से सेवा देने वाले कर्मचारियों को दस दिनों के वेतन के बराबर बोनस मिलेगा। एचसीएल टेक में लगभग 1,20,000 कर्मचारियों को यह बोनस मिलेगा।
एचसीएल टेक्नोलॉजिज के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी अप्पाराव वी. वी. ने कहा, ‘हमारे कर्मचारी हमारी सबसे मूल्यवान संपत्ति हैं। एक अकल्पनीय महामारी के बावजूद, हमारे एचसीएल परिवार के प्रत्येक सदस्य ने संगठन की वृद्धि में योगदान करते हुए, बहुत प्रतिबद्धता और जुनून का प्रदर्शन किया है। हम ईमानदारी से अपने सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त करना चाहते हैं।’
कंपनी ने सालाना आधार पर 3.6 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कैलेंडर वर्ष 2020 में 10 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है।
वर्तमान में एचसीएल के 90 प्रतिशत कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं, जबकि दूसरी कई आईटी कंपनियों में 95-96 प्रतिशत कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं। अप्पाराव को भी भरोसा है कि आगे भी उनके करीब 30 फीसदी कर्मचारी घर से काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा, ‘यह टीकाकरण अभियान पर भी निर्भर करता है। लेकिन, धीरे-धीरे कार्यालय में आने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। वर्तमान में हमारा उद्देश्य है कि कम से कम कर्मचारी एक दिन में कार्यालय पर आएं।’
अप्पाराव ने कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए यह भी कहा कि घर से काम करने वाले परिदृश्य से निपटने के लिए फर्म अच्छी तरह से तैयार थी। उन्होंने कहा, ‘हमने जनवरी में ही महसूस कर लिया था कि यह हमें कभी भी प्रभावित कर सकता है। हमने कार्यकारी संकट प्रबंधन टीम का गठन किया था जिसमें सीएक्सओ के साथ व्यापार प्रमुखों के 40-45 सदस्य
थे और 27 जनवरी को पहली बैठक की थी।’
एचसीएल टेक ने हाल ही में घोषणा की कि उसने एयरबस के साथ पांच साल का डिजिटल वर्कफोर्स सर्विसेज समझौता किया है। अप्पाराव ने कहा, ‘ग्राहक आभासी कार्य वातावरण के साथ सहज हैं तथा आगे भी इस ओर रुझान दिख रहे हैं। हमने कुछ मामलों में ऑनसाइट कामगारों की मांग को कम करके 10 फीसदी तक कर दी। भारत में इसकी मांग में तेजी आएगी।’ उन्होंने आगे कहा, ‘कोविड के कारण यात्रा प्रतिबंध के कारण कंपनी को हासिल हुए वीजा का उपयोग नहीं हो सका। हमारे पास पहले से ही अधिशेष वीजा है। पिछले साल हमने जो भी आवेदन किया था, उसमें हमने 20 फीसदी वीजा का भी इस्तेमाल नहीं किया था। हमारे कई कर्मचारी जिन्हें वीजा मिला था, वे प्रतिबंधों के कारण यात्रा नहीं कर सके।’ एचसीएल टेक के अमेरिका में 20,000 कर्मचारी हैं और इनमें से 70 प्रतिशत स्थानीय हैं।
ग्राहक परियोजनाओं पर पहुंचाने का श्रेय अपने कर्मचारियों को देते हुए, अप्पाराव ने कहा, ‘कर्मचारियों का घर से काम करने का मतलब है कि उन्हें सभी सहायक उपकरणों के साथ सक्षम करना। इसका मतलब था लैपटॉप, अतिरिक्त बैटरी, हाई-स्पीड डेटा डोंगल और बैंडविड्थ के उपयोग स्तर में वृद्धि। जब मार्च में लॉकडाउन की घोषणा की गई थी, तो हमारे 96 प्रतिशत कर्मचारी घर से काम करने में सक्षम थे।’ उन्होंने आगे कहा कि कर्मचारियों को काम करने के लिए सक्षम बनाना सिर्फ एक बात था, दूसरी बात जिस पर ध्यान दिया जाना आवश्यक था, वह था इन कर्मचारियों का स्वास्थ्य और हमने इस पर काफी काम किया।