ग्राहकों की सुरक्षा के लिए गूगल ने हटाए उधारी ऐप

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 9:46 AM IST

अल्फाबेट इंक की गूगल ने कुछ लेंडिंग ऐप गूगल पे स्टोर से हटा लिए हैं। कंपनी ने आज एक ब्लॉगपोस्ट में कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा की कवायद के तहत ऐप हटाए गए हैं।  एंड्रायड सिक्योरिटी ऐंड प्राइवेसी के उत्पाद के वाइस प्रेसीडेंट सुजेन फ्रे ने कहा, ‘हमने उपभोक्ताओं और सरकारी एजेंसियों की प्रतिक्रिया के बाद भारत में 100 से ज्यादा पर्सनल लोन ऐप की समीक्षा की है।’ रॉयटर्स ने हाल की जांच में पाया था कि प्ले स्टोर पर मौजूद कम से कम 10 लेंडिंग ऐप कर्ज पुनर्भुगतान के मामले में गूगल के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इसमें यह भी पाया गया था कि कई लेंडिंग ऐप केंद्रीय बैंक के नियमों का भी उल्लंघन कर रहे हैं, जो उधारी लेने वालों के हितों की रक्षा के लिए बनाए गए हैं। गूगल ने यह साफ नहीं किया है कि कितने ऐप को हटाया गया है। गूगल ने कंपनियों से संपर्क किया और उनसे कहा कि वे नियम व कानून के पालन को लेकर स्पष्टीकरण दें और ऐसा न करने पर उनके ऐप को प्ले स्टोर से हटा दिया जाएगा।  भेजे गए ई-मेल में लिखा गया है, ‘हमने आपसे इस ई मेल पर 5 दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा है कि क्या आपके पास भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से एनबीएफसी (गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी) के रूप में मंजूरी या लाइसेंस या किसी सरकारी कानून के तहत इस तरह की सेवा देने की अनुमति है।’ इसमें कहा गया, ‘अगर हमें आपकी तरफ से मेल भेजे जाने के 5 दिन के भीतर पुष्टि नहीं मिलती है तो आपका ऐप गूगल प्ले से हटाया जा सकता है।’

First Published : January 14, 2021 | 11:08 PM IST