गूगल ने रिलायंस को 33,737 करोड़ रुपये का भुगतान किया

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 14, 2022 | 8:54 PM IST

गूगल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (आरआईएल) की डिजिटल सहायक जियो प्लेटफॉम्र्स में 7.73 फीसदी हिस्सेदारी के बदले 33,737 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। इसके साथ कंपनी फेसबुक जैसी वैश्विक निवेशकों की सूची में शामिल हो गई है।
उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गूगल का परिचालन अमेरिकी कंपनी अल्फाबेट इंक करती है। इस सौदे के साथ अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी का किसी भारतीय कंपनी में अबतक का सबसे बड़ा निवेश है।
 रिलायंस इंडस्ट्रीज ने केवल 11 सप्ताह में 13 वित्तीय और रणनीतिक निवेशकों को जियो प्लेटफॉम्र्स की कुल मिला कर 33 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर 1.52 लाख करोड़ रुपये की पूंजी जुटाई। इससे कंपनी मार्च 2021 के लक्ष्य से पहले ही शुद्ध रूप से कर्ज को खत्म करने में कामयाब रही।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक्सचेंजों को दी सूचना में कहा, सभी जरूरी मंजूरी के बाद कंपनी की सहायक जियो प्लेटफॉम्र्स को गूगल इंटरनैशनल एलएलसी से 33,737 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। गूगल इंटरनेशनल एलएलसी, गूगल एलएलसी की पूर्ण सहायक है। जियो प्लेटफॉम्र्स ने इक्विटी शेयर गूगल इंटरनैशनल एलएलसी को आबंटित कर दिया है। इस आबंटन के बाद गूगल इंटरनैशनल एलएलसी की जियो प्लेटफॉम्र्स में 7.73 फीसदी हिस्सेदारी है।
गूगल और जियो प्लेटफॉम्र्स सस्ता स्मार्टफोन विकिसत करने के लिए भी गठजोड़ करेगी। दोनों कंपनियों ने जुलाई में यह जानकारी दी थी।

First Published : November 24, 2020 | 11:36 PM IST