फिर महंगी हो जाएगी चार पहियों की सवारी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 6:05 PM IST

सरकारी राहत के बाद सस्ती हुई कारों को खरीदने की आपकी हसरत तो है, लेकिन अभी तक आपने कोई फैसला नहीं किया है, तो जल्दी करें, वर्ना सस्ती कार खरीदने का मौका आप गंवा सकते हैं।


दरअसल तमाम कार कंपनियां इसी महीने अपनी कारों की कीमत बढ़ाने जा रही हैं, जिससे केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती से मिलने वाले फायदे खत्म हो जाएंगे। दरअसल लगातार बढ़ती लागत की वजह से कंपनियां परेशान हैं।

इसके अलावा उन्हें चालू कैलेंडर वर्ष की पहली छमाही में बाजार में उछाल आने की भी कोई उम्मीद नहीं है। इसीलिए मारुति सुजुकी, हुंडई मोटर्स, जनरल मोटर्स इंडिया समेत तमाम कंपनियां कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रही हैं। बिजनेस स्टैंडर्ड से बातचीत में उन्होंने बताया कि जल्द ही कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर दिया जाएगा।

जनरल मोटर्स तो इसी हफ्ते कीमतों में इजाफा करने जा रही है। कंपनी 10 जनवरी से अपने सभी कार मॉडलों के दाम 1 से 2 फीसदी तक बढ़ाने जा रही है।

कंपनी के उपाध्यक्ष पी बालेंद्रन ने बताया कि डॉलर की कीमत लगातार बढ़ने की वजह से लागत का बोझ और भी बढ़ रहा है। इसीलिए कंपनी कीमतों में इजाफा करने जा रही है।

जनरल मोटर्स के इस कदम के बाद उसके स्पार्क मॉडल की कीमत 3,000 रुपये बढ़ जाएगी। इसी तरह एवियो युवा में 4,500 से 5,000 रुपये तक और ऑप्ट्रा मॉडल में 10,000 रुपये तक कीमत बढ़ा दी जाएगी। इसी तरह हुंडई मोटर्स इंडिया भी तकरीबन 2 फीसदी की मूल्यवृद्धि का फैसला किसी भी समय कर सकती है।

कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, ‘लागत में लगातार इजाफे की बात तो हम पहले से ही कह रहे हैं। इसीलिए कीमत में बढ़ोतरी होना लाजिमी है। हम सभी कारों के दाम 2 फीसदी तक बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। यह बात अलग है कि अभी तक इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।’

प्रवक्ता ने कहा कि मूल्यवृद्धि का फैसला जनवरी में भी हो सकता है। कंपनी ने हाल ही में बहुप्रतीक्षित कार आई 20 बाजार में पेश की है। उसकी कीमत बढ़ाने के बारे में प्रवक्ता ने कोई जवाब नहीं दिया।

मारुति के प्रवक्ता ने भी लागत में इजाफा होने की बात कही। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कंपनी कीमत कब बढ़ाने जा रही है, लेकिन उन्होंने कहा, ‘लागत में बढ़ोतरी की बात से इनकार नहीं किया जा सकता और हम इससे निपटने के तरीके खोज रहे हैं।

कीमतों में इजाफा करना भी हमारे लिए एक विकल्प है, लेकिन अभी हमने कोई ठोस फैसला नहीं लिया है।’ अलबत्ता होंडा सिएल कार्स इंडिया ने मूल्यवृद्धि पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

First Published : January 6, 2009 | 10:49 PM IST