फ्लिपकार्ट ने कीं तीन माह में 23,000 भर्तियां

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 4:27 AM IST

वालमार्ट की कंपनी फ्लिपकार्ट ने आज कहा कि उसने मार्च से मई 2021 के बीच पिछले 3 महीने के दौरान   देश भर में आपूर्ति शृंखला में विभिन्न स्तर पर 23,000 भर्तियां की हैं, जिनमें डिलिवरी कर्मचारी भी शामिल हैं। ई-कॉमर्स फर्म ने कहा है कि वह अपनी आपूर्ति शृंखला लगातार मजबूत कर रही है, जिससे देश भर में सुरक्षित तरीके से उत्पादों की डिलिवरी हो सके।
फ्लिपकार्ट में आपूर्ति शृंखला के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट हेमंत बद्री ने कहा कि ई-कॉमर्स सेवाओं की देश भर में मांग बढ़ रही है क्योंकि लोग कोरोनावायरस से लड़ाई में घरों में बने हुए हैं।
बद्री ने कहा, ‘इसकी वजह से हमारी आपूर्ति शृंखला की क्षमता बढ़ाना जरूरी हो गया और इससे हजारों रोजगार के मौके मिले हैं।’  उन्होंने कहा कि हमारी शीर्ष प्राथमिकता सुरक्षित और तेज आपूर्ति शृंखला तैयार करके ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करना और साथ ही कंपनी के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 को देखते हुए कर्मचारियों, ग्राहकों, विक्रेताओं और विभिन्न साझेदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शीर्ष प्राथमिकता है। इसके लिए गोदामों में सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जा रहा है, साथ ही कोरोना के दौर में सुरक्षा को लेकर किस तरह व्यवहार करें, इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कंपनी विभिन्न पदों पर भर्ती के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है।

First Published : May 25, 2021 | 9:41 PM IST