करे सत्यम भरे सरकार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 12:40 AM IST

सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज ने अपने संस्थापक रामलिंग राजू के कारनामों की वजह से देश-विदेश में जो सुर्खियां बटोरी हैं, उनकी भरपाई सरकार को करनी पड़ रही है।
सरकार ने सिंगापुर समेत तमाम दक्षिण पूर्व एशियाई देशों को गारंटी दी है कि  7,000 करोड़ रुपये के इस घोटाले का असर कंपनी के कामकाज पर नहीं पड़ेगा। 

सिंगापुर विदेश मंत्रालय के दूत टॉमी को ने कहा कि सिंगापुर में कई सरकारी और निजी कंपनियां सत्यम की सेवाएं लेती रही हैं और जब सत्यम में हुए गड़बड़झाला सामने आया तब उनका देश स्तब्ध रहा गया था।
हालांकि, उन्होंने कहा कि उनका देश सत्यम मामले में भारत सरकार द्वारा किए गए प्रयासों से संतुष्ट है। को का कहना है कि सरकार ने इस संकट को एक अवसर की तरह लिया है और इस घोटाले की वजह से भारत और सिंगापुर के रिश्तों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
आंध्र विधानसभा में हंगामा
सत्यम विवाद की छाया में आज आंध्र प्रदेश की विधानसभा में खूब हंगामेबाजी हुई। दरअसल, प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी ने जब सत्यम में हुए घोटाले की तुलना हेरिटेज फूड्स में हुए घपले से कर दी तो विधानसभा में हंगामा हो गया।
हंगामे की वजह यह रही कि जिस हेरिटेज फूड्स का मुख्यमंत्री ने जिक्र किया वह विपक्षी पार्टी तेलुगू देशम पाटी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू के परिवार से जुड़ी कंपनी है।

First Published : February 10, 2009 | 11:33 PM IST