सायंट बनाएगी दूरसंचार फर्मों के लिए सॉफ्टवेयर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 8:41 AM IST

बेंगलूरु स्थित आईटी कंपनी सायंट लिमिटेड ओपन रेडियो एक्सेस नेटवर्क (ओ-आरएएन) सॉफ्टवेयर बनाने के साथ साथ दुनियाभर में अपने 5जी नेटवर्कों की पेशकश की तैयारी कर रहीं दूरसंचार कंपनियों को सिस्टम इंटिग्रेशन सेवाएं मुहैया कराने की तैयारी में लग गई है।
इस कदम के साथ सायंट जल्द ही टेक महिंद्रा, अमेरिका स्थित स्टार्टअप एल्टियोस्टार (जापानी 5जी दूरसंचार कंपनी, राकुटेन द्वारा नियंत्रित) और रेडिसिस जैसी कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगी। अमेरिका में रेडिसिस का अधिग्रहण रिलायंस जियो द्वारा किया गया था।
जियो ने भी कहा है कि उसने सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर, दोनों में 5जी नेटवर्क सॉल्युशन मुहैया कराने की योजना बनाई है जिससे एरिक्सन, नोकिया और हुआवेई जैस पारंपरिक दूरसंचार उपकरण निर्माताओं के दबदबे के लिए चुनौती पैदा हो गई है। सायंट की रणनीति के बारे में जानकारी देते हुए कंपनी के अध्यक्ष एवं सीओओ कार्तिक नटराजन ने कहा, ‘5जी ओ-आरएएन से नए अवसर तैयार होंगे और हम सॉफ्टवेयर के साथ साथ सिस्टम इंटिग्रेटरों, दोनों में भागीदारी चाहते हैं। हम नेटवर्क इंजीनियरिंग को लेकर मजबूत हैं और दुनियाभर में करीब 40 दूरसंचार ऑपरेटरों के साथ काम कर रहे हैं। हम वायरलाइन, वायरलेस, और 5जी नेटवर्क पेशकश में विस्तार की दिशा में भी काम कर रहे हैं।’
नटराजन ने कहा कि कंपनी को इस क्षेत्र में अपनी कार्य योजना को अंतिम रूप देने में चुनौती का सामना करना पड़ा है, क्योंकि इसके लिए हार्डवेयर कंपनियों के साथ भागीदारी करने की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि सायंट अगले 12 महीने में इस सिस्टम को पेश करने में सक्षम होगी।
दूरसंचार कंपनियां 5जी पर जोर देने के लिए वैश्विक और भारतीय आईटी कंपनियों के साथ पहले से ही बातचीत कर रही हैं। उदाहरण के लिए, भारती एयरटेल ने अपना 5जी ओ-आरएएन सॉफ्टवेयर बनाने के लिए एल्टियोस्टार के साथ समझौता किया है। टेक महिंद्रा ने सिस्टम इंटिग्रेटर के तौर पर बीएसएनएल 4जी नेटवर्क के लिए बोली प्रक्रिया में दिलचस्पी दिखाई है। कंपनी का कहना है कि वह दुनियाभर की दूरसंचार कंपनियों के साथ काम कर रही है और वह रिलायंस जियो के साथ भागीदारी के लिए भी स्वतंत्र है।

First Published : February 5, 2021 | 11:29 PM IST